पंजाब: सीमा पार तस्करी का भंडाफोड़; 24 किलो हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार

पंजाब: सीमा पार तस्करी का भंडाफोड़; 24 किलो हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार

पंजाब: सीमा पार तस्करी का भंडाफोड़; 24 किलो हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार
Modified Date: March 22, 2026 / 06:54 pm IST
Published Date: March 22, 2026 6:54 pm IST

चंडीगढ़, 22 मार्च (भाषा) पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल के साथ संयुक्त अभियान में तीन लोगों की गिरफ्तारी के साथ सीमा पार तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया और उनसे 24.5 किलोग्राम हेरोइन और 21.5 लाख रुपये नकद बरामद किए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी के पाकिस्तान स्थित दलालों से संबंध थे।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान अमृतसर के नूरवाल गांव के रहने वाले जगजीत सिंह उर्फ ​​राणा, अमृतसर के औलख खुर्द के निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ ​​प्रीत और अमृतसर के धूपसारी गांव के रोशन सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस ने एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान स्थित तस्कर सीमा पार से खेप पहुंचाने के लिए करते थे ।

अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा मादक पदार्थों के खेप की आपूर्ति के लिए इस्तेमाल की जा रही दो कारें भी बरामद की हैं।

यादव ने बताया कि गहन तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने पाकिस्तान से जुड़े इस सीमा पार नेटवर्क का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में अग्रिम कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

अधिक जानकारी साझा करते हुए, एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह ने कहा कि यह अभियान दो चरणों में चलाया गया था, क्योंकि शुरुआत में 12.1 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन बरामद किया गया था।

उन्होंने बताया कि ड्रोन के तकनीकी आंकड़ों सहित फोरेंसिक विश्लेषण के आधार पर मनप्रीत सिंह के घर से 12.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिससे कुल बरामदगी 24.5 किलोग्राम हो गई।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी राणा ने हाल ही में माद पदार्थों के पैसों से पॉश इलाकों में संपत्तियां खरीदी थीं और उसे कारों का भी शौक था।

उन्होंने कहा कि इस मामले में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की उम्मीद है।

एसएएस (साहिबजादा अजीत सिंह) नगर स्थित एएनटीएफ पुलिस थाने में स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम और भारतीय विमानन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा तान्या रंजन

रंजन


लेखक के बारे में