पंजाब: होशियारपुर में ट्रक की टक्कर से बस सवार चार लोग घायल
पंजाब: होशियारपुर में ट्रक की टक्कर से बस सवार चार लोग घायल
होशियारपुर, आठ फरवरी (भाषा) पंजाब के जालंधर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के लकड़ी से लदे ट्रक की टक्कर से निजी बस में सवार चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बस चालक क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर फंसा रहा और लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद कटर की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
यह हादसा होशियारपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर ऊंची बस्सी के पास हुआ, जब लगभग 46 यात्रियों को लेकर दिल्ली से जम्मू जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दसूया पुलिस थाने के सहायक उप निरीक्षक मोहिंदर सिंह ने बताया कि ऊंची बस्सी के पास पुल थोड़ा धंस गया है और मरम्मत का काम जारी है, इसलिए केवल एक तरफ यातायात की अनुमति दी गई है।
उन्होंने बताया कि ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस पुल की रेलिंग पर चढ़ गई।
उन्होंने यह भी बताया कि टक्कर के समय कई यात्री सो रहे थे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अलावा पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घायलों को बचाया। घायलों को दासूया के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर फंसे बस चालक को बाहर निकाला गया।
भाषा
राखी संतोष
संतोष

Facebook


