खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाए राहुल गांधी, फोन से किया जनसभा को संबोधित
खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाए राहुल गांधी, फोन से किया जनसभा को संबोधित
देहरादून, चार जून (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके और उन्होंने वहां आयोजित जनसभा को फोन के माध्यम से संबोधित किया।
दिल्ली से पंतनगर हवाईअड्डे पहुंचने के बाद राहुल को हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा जाना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण उनका कार्यक्रम पूरा नहीं हो सका।
इसके बाद जनसभा स्थल पर मौजूद कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने माइक के पास अपना मोबाइल फोन लगाया जिसके माध्यम से राहुल ने पंतनगर हवाई अड्डे से ही लोगों को संबोधित किया।
अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने पर उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से क्षमा मांगी और कहा कि वह जल्द ही दोबारा उनके बीच आएंगे तथा उनसे रूबरू होंगे।
हालांकि, फोन के माध्यम से दिए गए राहुल के संबोधन का अधिकांश हिस्सा स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं दे सका।
प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आयोजित ‘परिवर्तन का शंखनाद’ जनसभा में राज्य की विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
भाषा दीप्ति मनीषा खारी
खारी

Facebook


