राहुल अपरिपक्व राजनीतिज्ञ, अराजकतावादी मानसिकता से काम करते हैं: भाजपा अध्यक्ष नवीन

राहुल अपरिपक्व राजनीतिज्ञ, अराजकतावादी मानसिकता से काम करते हैं: भाजपा अध्यक्ष नवीन

राहुल अपरिपक्व राजनीतिज्ञ, अराजकतावादी मानसिकता से काम करते हैं: भाजपा अध्यक्ष नवीन
Modified Date: April 23, 2026 / 03:23 pm IST
Published Date: April 23, 2026 3:23 pm IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी को “अपरिपक्व राजनीतिज्ञ” बताया और दावा किया कि कांग्रेस नेता का व्यवहार तथा बोलने का तरीका उनके अपर्याप्त राजनीतिक विकास को दर्शाता है।

‘न्यूज 18 नेटवर्क’ को दिए एक साक्षात्कार में नवीन ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी “अराजकतावादी मानसिकता” के साथ काम करते हैं और “चीजों की गंभीरता” को नहीं समझते।

नवीन ने कहा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता सरकार का हिस्सा हैं। लेकिन संसद के अंदर और बाहर, उनकी गतिविधियों, कामकाज और भाषा पर गौर कीजिए। क्या किसी राष्ट्रीय दल का विपक्ष का नेता इस तरह से बोलता है?”

उन्होंने आगे कहा, “मेरा मानना ​​है कि राहुल गांधी एक अपरिपक्व राजनीतिज्ञ हैं, जिनका राजनीतिक विकास किसी न किसी रूप में समुचित नहीं हुआ है।”

मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाकर की गई हालिया ‘आतंकवादी’ टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर नवीन ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष “असहाय” हैं और वे उन्हीं शब्दों का प्रयोग करते हैं जो गांधी की जनसंपर्क एजेंसी उन्हें करने के लिए कहती है।

नवीन ने आरोप लगाया, “मैं यह कहना चाहूंगा कि राहुल जी के करीबी लोग और उनकी पीआर एजेंसी उन्हें जो भी शब्द सुझाते हैं, बेचारे खरगे जी उन्हें दोहराते रहते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अपनी “संकीर्ण मानसिकता” के कारण लंबे समय से प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करती रही है, और खरगे अपनी पार्टी द्वारा स्थापित परंपरा के मशालवाहक के रूप में उभरते नजर आ रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “देश की जनता इसके लिए कांग्रेस को दंडित कर रही है, लेकिन उसने अभी तक सबक नहीं सीखा है।”

खरगे ने मंगलवार को मोदी पर सरकारी तंत्र और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष को दबाने के माध्यम से राजनीतिक दलों को “आतंकित” करने का आरोप लगाया।

चेन्नई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, खरगे ने पहले मोदी को “आतंकवादी” कहा, फिर उन्होंने कहा कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को “आतंकित” कर रहे हैं।

इस घटना का “गंभीर संज्ञान” लेते हुए, भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को खरगे को “कठोर नोटिस” जारी कर 24 घंटे के भीतर उनका पक्ष स्पष्ट करने को कहा।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में