राजस्थान : बकरी बेचने से गुस्साए लड़के ने की मां की हत्या
राजस्थान : बकरी बेचने से गुस्साए लड़के ने की मां की हत्या
कोटा (राजस्थान), दो सितंबर (भाषा) राजस्थान के झालावाड़ जिले में बकरी बेचे जाने से गुस्साए 12वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर अपनी मां की हत्या कर दी और शव को छिपा दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उसके अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार शाम को झालावाड़ जिले में सुनेल थानाक्षेत्र के सेमलिया गांव में हुई है और मृतका की पहचान नोदयनबाई मेघवाल (40) के रूप में हुई है।
थानाधिकारी दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि लड़के ने अपनी मां पर किसी नुकीली चीज से हमला किया, जिससे सिर और शरीर पर गहरी चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि लड़के ने बाद में शव को एक बक्से में छिपा दिया। शर्मा ने बताया कि शाम को जब लड़के के पिता काम से घर पहुंचे तो उन्होंने पत्नी के बारे में पूछा तो लड़के ने मां के खेतों में जाने की बात कही।
अधिकारी ने कहा कि बाद में पिता के सख्ती से पूछने पर लड़के ने स्वीकार किया कि उसने मां को पीट-पीटकर मार डाला। उन्होंने कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी उम्र की पुष्टि की जानी बाकी है।
भाषा शफीक राजकुमार
राजकुमार

Facebook


