राजस्थान : पाकिस्तानी एजेंसी के लिए जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
राजस्थान : पाकिस्तानी एजेंसी के लिए जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
जयपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में अलवर जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मंगत सिंह को शनिवार को जयपुर की एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार अलवर के गोविंदगढ़ का रहने वाला मंगत सिंह पिछले दो साल से एक पाकिस्तानी महिला हैंडलर के संपर्क में था और सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर भारतीय सैन्य गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था।
एक सरकारी वकील ने कहा, ‘मंगत हैंडलर के संपर्क में था। उसने हैंडलर के नंबर ‘ईशा शर्मा’ और ‘ईशा बॉस’ जैसे नाम से सेव कर रखे थे। उसने सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की गतिविधियों, खासकर अलवर छावनी और अंबाला छावनी क्षेत्रों से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए।’
जांच के अनुसार मंगत सिंह को जानकारी के बदले पाकिस्तान से कई लेन-देन में 10,000 रुपये से अधिक मिले। उसके मोबाइल फोन में ऑपरेशन सिंदूर से पहले सैनिकों की गतिविधियों के संकेत देने वाले कोडित संदेशों सहित संवेदनशील आदान-प्रदान के रिकॉर्ड मिले हैं।
अलवर के एक कारखाने में काम करने वाले मंगत सिंह को स्थानीय लोग ‘सिद्ध पुरुष’ के रूप में जानते हैं और वह अक्सर धार्मिक आयोजनों में शामिल होता था। इससे उसे रक्षा कर्मियों और नागरिकों दोनों के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने में मदद मिली।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘मंगत ने लोगों का विश्वास जीतने के लिए धार्मिक कार्यक्रमों का सहारा लिया। इस दौरान वह सेना और बीएसएफ के कई कर्मियों के संपर्क में आया।’
उन्होंने कहा कि एजेंसियां अब उन लोगों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही हैं जिन्होंने अनजाने में उससे साथ बातचीत की होगी।
आरोपी को राजस्थान पुलिस की खुफिया इकाई ने हिरासत में लिया था और खुफिया एजेंसियों द्वारा पूछताछ के बाद शुक्रवार को उसे शासकीय गुप्त बात अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत

Facebook


