राजस्थान: कोटा में एनईईटी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या

राजस्थान: कोटा में एनईईटी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या

राजस्थान: कोटा में एनईईटी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या
Modified Date: September 13, 2023 / 11:53 am IST
Published Date: September 13, 2023 11:53 am IST

कोटा (राजस्थान), 13 सितंबर (भाषा) राजस्थान के विज्ञान नगर इलाके में राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) की तैयारी कर रही झारखंड की एक छात्रा ने अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने मृतक छात्रा की पहचान ऋचा सिन्हा (16) के रूप में की है। वह एनईईटी की तैयारी कर रही थी। पुलिस के अनुसार छात्रा मंगलवार देर रात अपने छात्रावास के कमरे में लटकी हुई पाई गई।

विज्ञान नगर पुलिस थाने के उप-निरीक्षक के सहायक अमर चंद ने कहा, पुलिस को एक निजी अस्पताल द्वारा मंगलवार रात करीब 10.30 बजे छात्रा की मौत की खबर मिली।

उन्होंने बताया कि ऋचा सिन्हा झारखंड के रांची की रहने वाली थी और वह ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा थी। वह इस साल की शुरुआत में कोटा आई थी और यहां के एक कोचिंग संस्थान में दाखिला लिया था।

चंद ने कहा कि छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारण की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये एमबीएस अस्पताल भेज दिया गया है।

इस साल राजस्थान के कोटा शहर के किसी कोचिंग संस्थान में पढ़ने वाले छात्र द्वारा आत्महत्या का यह 23वां मामला है। पिछले साल इस शहर में 15 छात्रों ने आत्महत्या की थी।

भाषा साजन ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र


लेखक के बारे में