जयपुर, 25 मई (भाषा) राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना थाने में तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी रामेश्वरलाल को ब्यूरो की बीकानेर इकाई ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान रंगे हाथों पकड़ा।
उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उपनिरीक्षक ने एक मामले में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) दर्ज करने के बदले शिकायतकर्ता से पचास हजार रुपये की मांग की थी। बातचीत के बाद आरोपी ने कथित तौर पर बीस हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि रिश्वत की राशि आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गई है।
भाषा बाकोलिया मनीषा
मनीषा