राजस्थान: सरकारी स्कूल परिसर में अध्यापिका के पति ने चलाई गोली, एक घायल
राजस्थान: सरकारी स्कूल परिसर में अध्यापिका के पति ने चलाई गोली, एक घायल
जयपुर, सात मई (भाषा) करौली जिले में एक सरकारी स्कूल के परिसर में अध्यापिका के पति ने कथित तौर पर देसी पिस्तौल से गोली चला दी जिससे एक स्थानीय नागरिक घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
टोडाभीम थाने के थानाधिकारी सुनील लाल ने बताया कि यह घटना कस्बे के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में हुई।
आरोपी उसी स्कूल में तैनात एक अध्यापिका का पति है। विवाद तब शुरू हुआ जब वरिष्ठ अध्यापक ने शिक्षिका प्रिया प्रजापत को कथित तौर पर अवकाश देने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर प्रिया ने अपने पति भीम सिंह को बुलाया।
थानाधिकारी के अनुसार, ‘भीम सिंह दो अन्य लोगों के साथ स्कूल पहुंचा और वहां के वरिष्ठ अध्यापक से उसकी कहा-सुनी हो गई। बहस के दौरान उसने कथित तौर पर एक देसी पिस्तौल से वरिष्ठ टीचर पर गोली चला दी।’
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक तो बाल-बाल बच गए, लेकिन पास में खड़े एक स्थानीय व्यक्ति को गोली के छर्रे लगे और वह चोटिल हो गया। यह घटना स्कूल परिसर के बाहरी इलाके में हुई जहां स्थानीय व्यक्ति माजरा देखने के लिए रुका था।
थानाधिकारी के अनुसार, ‘घायल को पास के एक अस्पताल ले जाया गया है और अब वह खतरे से बाहर है।’
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद प्रिया प्रजापत, उसका पति और दो अन्य लोग मौके से फरार हो गए और उनकी तलाश जारी है। घटना के समय कुछ छात्र कक्षा के अंदर मौजूद थे।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा

Facebook


