राजस्थान: अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या की

राजस्थान: अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या की

राजस्थान: अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या की
Modified Date: November 29, 2022 / 08:37 pm IST
Published Date: October 19, 2021 10:22 pm IST

जयपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) जयपुर ग्रामीण के जमवारामगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात बदमाशों ने 55 वर्षीय एक महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी और उसके दोनों पैरों के पंजे काटकर चांदी की पायल चुरा कर फरार हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जमवारामगढ़ के क्षेत्राधिकारी (सीओ) लाखन मीणा ने बताया कि महिला की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है। खतेहपुरा गांव में महिला जंगल में पशुओं को चराने गई थी जहां आरोपियों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया और उसके दोनो पैरों के पंजे काट दिये। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला की चांदी की पायल लेकर फरार हो गये।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य किरोडी लाल मीणा ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को राजस्थान में हो रही घटना को भी देखना चाहिए।

मीणा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ का नारा दे रहीं प्रियंका गांधी को राजस्थान के जमवारामगढ़ में आज हुई घटना को भी देखना चाहिए। क्या उन्हें महिलाएं उत्तर प्रदेश में ही असुरक्षित लग रही हैं, जबकि शर्मनाक तथ्य यह है कि राजस्थान महिलाओं के प्रति अपराध में पूरे देश में सबसे अव्वल है।’’

भाजपा नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत महिला सुरक्षा को नजरंदाज कर केवल प्रियंका गांधी के यशगान में व्यस्त है।

भाषा कुंज कुंज बिहारी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में