राजनाथ सिंह ने बीआरओ संबंधी महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की
राजनाथ सिंह ने बीआरओ संबंधी महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की
नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) पर मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा और अभियानगत तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से मौजूदा रणनीतिक योजनाओं से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
मंत्रालय के अनुसार रक्षा मंत्री ने सीमाओं पर सशक्त आधारभूत ढांचे की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बीआरओ राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और सड़क संपर्क सुविधा के समन्वय से एक सशक्त वातावरण तैयार कर रहा है।
सिंह ने नयी दिल्ली में हुई संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “रक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा परिचालन तत्परता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चल रही रणनीतिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।”
सिंह ने पूर्वोत्तर क्षेत्र और वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित इलाकों में सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए बीआरओ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा, “बीआरओ ने रक्षा बलों की आवाजाही को सुगम बनाया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”
रक्षा मंत्री ने बताया कि बीआरओ को भारत-म्यामां सीमा पर लगभग 1,600 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास का दायित्व सौंपा गया है।
बैठक के दौरान ‘सीमा सड़क विकास कार्यक्रम 2023-28’ के अंतर्गत हुई प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
इस कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क संबंधी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 1,000 से अधिक सड़क एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।
रक्षा मंत्री ने जोर दिया कि इस विस्तृत नेटवर्क के माध्यम से दूरदराज और दुर्गम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हर मौसम में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा रहा है।
सिंह ने ‘तकनीक के इस्तेमाल’ के अहम पहलू की ओर सदस्यों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि बीआरओ तेजी से आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपना रहा है।
उन्होंने कहा, “बीआरओ ने अपने काम की गुणवत्ता और गति को काफी बढ़ाया है। इससे यह साबित होता है कि हम भविष्य के लिए तैयार बुनियादी ढांचा बना रहे हैं।”
रक्षा मंत्री ने बीआरओ को बजट सहायता, आधुनिक उपकरणों और अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं के मामले में सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष समीर वी. कामत, सचिव (रक्षा उत्पादन) संजीव कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


