राजनाथ ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दी, अमेरिका को खुश करने की नीति का हिस्सा : कांग्रेस
राजनाथ ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दी, अमेरिका को खुश करने की नीति का हिस्सा : कांग्रेस
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सम्मेलन में आतंकवाद के विषय पर पाकिस्तान को ‘शर्मनाक क्लीन चीट’ दी और यह सब अमेरिका को खुश करने तथा चीन के सामने संतुलित समर्पण की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति का हिस्सा है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि यह उसी तरह की क्लीन चिट है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जून, 2020 में भारत-चीन के बीच तनाव के समय अपने बयान से बीजिंग को दी थी।
रक्षा मंत्री ने मंगलवार को कहा था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने भारत के ‘‘दृढ़ संकल्प’’ को दिखाया कि ‘‘आतंकवाद के केंद्रों को न्यायोचित दंड से अब छूट नहीं है।’’
सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन के एक सम्मेलन में यह भी कहा था, ‘हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आतंकवाद की कोई राष्ट्रीयता और कोई धर्म नहीं होता। कोई भी शिकायत, चाहे वास्तविक हो या काल्पनिक, आतंकवाद और मानवीय क्षति का बहाना नहीं बन सकती।’’
रमेश ने उनके बयान को लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘कल रक्षा मंत्री ने स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री मोदी की स्वीकृति और उनके निर्देश पर, बिश्केक में पाकिस्तान को शर्मनाक क्लीन चिट दे दी।’
उन्होंने सवाल किया , ‘क्या पाकिस्तान आतंकवाद का केंद्र नहीं है? क्या पाकिस्तान में ऐसे आतंकी कैंप नहीं हैं, जिनका निशाना भारत है? क्या पाकिस्तान में भारत-विरोधी सोच को बढ़ावा नहीं दिया जाता?’
कांग्रेस नेता ने यह भी सवाल किया कि क्या मुंबई और पहलगाम के आतंकी हमलों की साजिश और उन्हें अंजाम पाकिस्तान से जुड़े आतंकियों ने नहीं दिया था?
रमेश ने दावा किया कि पाकिस्तान के प्रति यह नया रुख, अमेरिका को खुश करने और चीन के सामने संतुलित समर्पण की प्रधानमंत्री की नीति का ही हिस्सा है।
उन्होंने कहा, ‘रक्षा मंत्री के चौंकाने वाले बयान उतने ही राष्ट्र-विरोधी हैं, जितनी 19 जून 2020 को चीन को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा दी गई विचित्र क्लीन चिट थी।’
भाषा हक अविनाश
अविनाश

Facebook


