राज्यसभा की बैठक दिन भर के लिए स्थगित, आशा भोसले और मोहसिना किदवई को दी गई श्रद्धांजलि

राज्यसभा की बैठक दिन भर के लिए स्थगित, आशा भोसले और मोहसिना किदवई को दी गई श्रद्धांजलि

राज्यसभा की बैठक दिन भर के लिए स्थगित, आशा भोसले और मोहसिना किदवई को दी गई श्रद्धांजलि
Modified Date: April 16, 2026 / 12:38 pm IST
Published Date: April 16, 2026 12:38 pm IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) राज्यसभा की बैठक बृहस्पतिवार को नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ लेने और दिवंगत पूर्व सदस्य मोहसिना किदवई तथा प्रख्यात पार्श्व गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

उच्च सदन में आज कोई विधायी कामकाज नहीं हुआ। बैठक शुरू होने पर नवनिर्वाचित सदस्यों ने उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली।

इसके बाद सदन ने प्रख्यात पार्श्व गायिका दिवंगत आशा भोसले तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उच्च सदन की पूर्व सदस्य मोहसिना किदवई को उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी। आशा का 12 अप्रैल को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मोहसिना ने आठ अप्रैल को 94 वर्ष की आयु में अंतिम श्वांस ली।

सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की हालिया प्रगति को रेखांकित करते हुए तमिलनाडु के कल्पक्कम में हासिल ऐतिहासिक उपलब्धि का उल्लेख किया।

सभापति ने कहा कि छह अप्रैल 2026 को तमिलनाडु के कलपक्कम में 500 मेगावाट के स्वदेशी प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने सफलतापूर्वक अपनी पहली ‘क्रिटिकैलिटी’ हासिल कर ली।

उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह भारत की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और स्वदेशी परमाणु प्रौद्योगिकी क्षमता को आगे बढ़ाता है।

राधाकृष्णन ने कहा कि इस उपलब्धि के साथ भारत अपने तीन-चरणीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के दूसरे चरण में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर चुका है।

इसके बाद सभापति ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और फिर बैठक दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

भाषा

मनीषा हक

हक


लेखक के बारे में