राममंदिर दान विवाद: वकीलों ने आरोपियों के बहिष्कार का ऐलान किया, सीबीआई जांच की मांग की
राममंदिर दान विवाद: वकीलों ने आरोपियों के बहिष्कार का ऐलान किया, सीबीआई जांच की मांग की
नयी दिल्ली/अयोध्या, 29 जून (भाषा) राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित हेराफेरी को लेकर बढ़ते गुस्से के बीच, अयोध्या में फैजाबाद बार एसोसिएशन ने सोमवार को घोषणा की कि उसका कोई भी सदस्य गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों का पक्ष नहीं रखेगा और वह सीबीआई जांच के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।
इसके अलावा, सीबीआई की अगुवाई वाली बहु एजेंसी टीम से तय समयसीमा में जांच कराने के अनुरोध वाली एक याचिका उच्चतम न्यायालय के सामने आई, लेकिन अवकाशकालीन पीठ ने मामले की अनिवार्यता पर सवाल उठाया और सुनवाई को गर्मी की छुट्टियों के बाद तक के लिए टाल दिया। पीठ ने कहा, ‘‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा।’’
अयोध्या में वकीलों के संगठन ने एक प्रस्ताव पास करके चेतावनी दी कि जो भी सदस्य बहिष्कार के खिलाफ जाएगा, उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने मांग की कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को ‘तीन दिन के अंदर’ अयोध्या छोड़ देना चाहिए।
तीनों ट्रस्ट से जुड़े हैं लेकिन उनका नाम प्राथमिकी में नहीं है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने भी तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की और कहा कि वह सीबीआई जांच के लिए उच्च न्यायालय और ज़रूरत पड़ने पर उच्चतम न्यायालय का रुख करेंगे।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


