रैपर वेदान के पेंडेंट में लगा दांत तेंदुए का निकला

रैपर वेदान के पेंडेंट में लगा दांत तेंदुए का निकला

रैपर वेदान के पेंडेंट में लगा दांत तेंदुए का निकला
Modified Date: May 16, 2026 / 05:03 pm IST
Published Date: May 16, 2026 5:03 pm IST

कोच्चि, 16 मई (भाषा) प्रयोगशाला जांच में इसकी पुष्टि हो गई है कि रैपर वेदान के पेंडेंट में लगा दांत तेंदुए का है। यह जानकारी वन विभाग ने शनिवार को दी।

वेदान को तेंदुए का दांत रखने के आरोप में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अप्रैल 2025 में गिरफ्तार किया गया था। वेदान का असली नाम हीरंदास मुरली है।

कोडनाड वन रेंज कार्यालय ने यह मामला पुलिस की सूचना के आधार पर दर्ज किया था। पुलिस ने एक फ्लैट में छापा मारा था, जहां वेदान व आठ अन्य लोगों को पकड़ा और उनके पास से कथित तौर पर गांजा बरामद किया गया था।

वन अधिकारियों ने बताया कि मामले की सुनवाई कर रहे पेरुम्बावूर स्थित प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट की अदालत ने दांत की प्रामाणिकता जांचने के लिए उसे कोलकाता स्थित एक केंद्रीय प्रयोगशाला भेजा था।

अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से अब पुष्टि हो गई है कि वह वास्तव में तेंदुए का दांत है। उन्होंने बताया कि पूरी जांच रिपोर्ट फिलहाल अदालत के पास है और उसकी प्रति प्राप्त करने के लिए जल्द आवेदन दाखिल किया जाएगा।

पिछले साल जमानत सुनवाई के दौरान वेदान ने कहा था कि उन्हें यह नहीं पता था कि पेंडेंट में तेंदुए का दांत है और यह उन्हें किसी प्रशंसक ने उपहार में दिया था।

चूंकि उस समय दांत की प्रामाणिकता साबित नहीं हो पाई थी, इसलिए उन्हें जमानत मिल गई थी। अब जबकि प्रयोगशाला रिपोर्ट में दांत के तेंदुए का होने की पुष्टि हो गई है, वन विभाग जल्द अदालत में अभियोजन रिपोर्ट दाखिल कर सकता है।

भाषा

खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में