रेखा गुप्ता ने होटल में आग समेत दो घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को मुआवजा राशि सौंपी
रेखा गुप्ता ने होटल में आग समेत दो घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को मुआवजा राशि सौंपी
नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने और सैदुलाजाब में इमारत गिरने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को सोमवार को मुआवजे की राशि सौंपी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
गुप्ता ने यह भी कहा कि इन दो घटनाओं के लिए ज़िम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
दक्षिणी दिल्ली के सैदुलजाब इलाके में मई में एक बहुमंजिला इमारत गिरने से छह लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज़्यादातर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र थे।
इस महीने की शुरुआत में मालवीय नगर के होटल में आग लगने की घटना में 23 लोगों की मौत हो गई थी और मरने वालों में अधिकतर विदेशी थे।
प्रभावित परिवारों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘किसी अपने को खोने के गम की भरपाई कोई मदद नहीं कर सकती, लेकिन दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार एक परिवार की तरह मजबूती से आपके साथ खड़ी है।’’
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के मुताबिक, मृतकों के परिजनों ने दिल्ली सचिवालय में गुप्ता से मुलाकात की और उनसे 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त की।
गुप्ता ने कहा, ‘एक मां, बेटी और जनसेवक के तौर पर, मैं प्रभावित परिवारों के दर्द और तकलीफ को गहराई से समझ सकती हूं।’
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन घटनाओं के लिए ज़िम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ठोस कदम उठा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
सीएमओ के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने सैदुलाजाब में इमारत गिरने की घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को मुआवज़े की राशि सौंपी।
दोनों घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के साथ अपना दुख साझा किया।
बयान में कहा गया है कि प्रभावित परिवारों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों से जुड़ी चिंताएं भी जताईं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अधिक प्रभावी और ठोस उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया।
गुप्ता ने कहा कि राजधानी में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को रोकने और आपातकालीन स्थितियों में तेज़ी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार एक खास अग्नि सुरक्षा योजना तैयार कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत दिल्ली अग्निशमन सेवा की क्षमता बढ़ाई जा रही है और छोटी अग्निशमन गाड़ियां खरीदी जा रही हैं ताकि वे संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में तेजी से पहुंच सकें।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष

Facebook


