चड्ढा की जगह किसी और को लाना सामान्य प्रक्रिया : मित्तल

चड्ढा की जगह किसी और को लाना सामान्य प्रक्रिया : मित्तल

चड्ढा की जगह किसी और को लाना सामान्य प्रक्रिया : मित्तल
Modified Date: April 2, 2026 / 05:00 pm IST
Published Date: April 2, 2026 5:00 pm IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के नए उपनेता अशोक मित्तल ने बृहस्पतिवार को अपने पूर्ववर्ती राघव चड्ढा को हटाए जाने को पार्टी की एक सामान्य प्रक्रिया बताया और कहा कि इसके पीछे कोई विशिष्ट कारण नहीं है।

पंजाब से राज्यसभा सदस्य मित्तल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें उन अफवाहों की कोई जानकारी नहीं है कि सदन में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद चड्ढा भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके पूर्ववर्ती को राज्यसभा में बोलने का समय दिया जाएगा।

इससे पहले दिन में सूत्रों ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर चड्ढा को उपनेता पद से हटाने और पार्टी कोटे से उन्हें बोलने का समय नहीं दिए जाने को कहा है।

हालांकि, मित्तल ने कहा, ‘हमारी पार्टी में सभी को बोलने का मौका मिलता है; यह एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। राघव चड्ढा को भी भविष्य में राज्यसभा में बोलने का मौका दिया जाएगा।’

उन्होंने जोर देकर कहा कि आम आदमी पार्टी एक लोकतांत्रिक पार्टी है और अपने नेताओं को जिम्मेदारियां देती है। उन्होंने कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में चड्ढा की भूमिका के बारे में पार्टी फैसला करेगी।

मित्तल ने राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से चड्ढा को हटाकर उन्हें लाए जाने को आम आदमी पार्टी में एक सामान्य प्रक्रिया बताया और कहा कि इसके पीछे कोई विशेष कारण नहीं था।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में