सायरा बानू ने आमिर खान को उनके जन्मदिन पर बधाई दीं
सायरा बानू ने आमिर खान को उनके जन्मदिन पर बधाई दीं
नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) अभिनेत्री सायरा बानू ने अभिनेता आमिर खान को उनके 61वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए उन्हें “अति विनम्र, संवेदनशील और सौम्य इंसान” बताया।
सायरा बानू ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आमिर खान के साथ तथा दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार के साथ उनकी कुछ तस्वीरें साझा कीं।
उन्होंने लिखा, “कुछ दिन पहले जब आमिर खान गौरी के साथ मुझसे मिलने आए तो मेरा दिल उस गर्मजोशी से भर गया, जो केवल अपने और परिचित लोगों की मौजूदगी से मिलती है।”
उन्होंने कहा कि उनके अनुभव में आमिर खान हमेशा से बेहद विनम्र, विचारशील और सौम्य व्यक्ति रहे हैं। ‘‘दिलीप कुमार के प्रति उनका सम्मान केवल दूर से प्रशंसा करने जैसा नहीं था, बल्कि वह सच्चे स्नेह से भरा हुआ था जो वर्षों तक बार-बार दिखाई देता रहा।’’
सायरा बानू ने कहा कि दिलीप कुमार की किताब को प्रकाशित करने की जटिल प्रक्रिया के दौरान भी आमिर खान ने पूरे मन से सहयोग दिया।
उन्होंने बताया कि बीमारी के समय जब अस्पताल के दिन उन्हें कठिन लगते थे, तब भी आमिर खान वहां मौजूद रहे और उनका साथ दिया।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले जब आमिर उनके घर आए तो ऐसा लगा जैसे परिवार का कोई प्रिय सदस्य मिलने आया हो।
सायरा बानू ने अपने संदेश में कहा, “आज जब पूरी दुनिया आपका जन्मदिन मना रही है, तो मैं कहना चाहती हूं कि जहां लाखों लोग आपके कलाकार रूप की प्रशंसा करते हैं, वहीं जो लोग आपको करीब से जानते हैं वे आपके अद्भुत इंसान होने की बात अच्छी तरह से जानते है। सच में आमिर जैसा कोई नहीं है। जन्मदिन की शुभकामनाएं।”
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


