माकपा के वरिष्ठ नेता टी के गोविंदन ने पार्टी से नाता तोड़ा, निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की

माकपा के वरिष्ठ नेता टी के गोविंदन ने पार्टी से नाता तोड़ा, निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की

माकपा के वरिष्ठ नेता टी के गोविंदन ने पार्टी से नाता तोड़ा, निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की
Modified Date: March 16, 2026 / 10:38 pm IST
Published Date: March 16, 2026 10:38 pm IST

कन्नूर (केरल), 16 मार्च (भाषा) केरल की सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को सोमवार को तब एक बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता टी के गोविंदन ने संगठन से सभी संबंध तोड़ लिए और माकपा के गढ़ तालिपरम्बा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की।

उन्होंने पार्टी के राज्य सचिव एम वी गोविंदन की पत्नी पी के श्यामला को तालिपरम्बा से उम्मीदवार बनाये जाने के विरोध में बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के अपने निर्णय की घोषणा की।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कन्नूर जिला सचिवालय के सदस्य और वर्तमान में राज्य द्वारा संचालित हांडवीव के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत गोविंदन ने जिले में पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे माकपा का गढ़ माना जाता है।

उन्होंने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि वह श्यामला की उम्मीदवारी के विरोध में पार्टी से अपना करीब छह दशक का लंबा नाता तोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उम्मीदवार चयन में वरिष्ठता एवं अन्य कारकों की अनदेखी की गयी। उन्होंने कहा, ‘‘तालिपरम्बा में जो हुआ, वह अन्याय है। यह पार्टी की नैतिकता और संगठनात्मक मानदंडों के खिलाफ था।’’

पार्टी के प्रदेश सचिव को निशाना पर लेते हुए गोविंदन ने कहा कि वरिष्ठ नेता अपनी पत्नी को इस पद पर लाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि वह पहले ही विधायक के रूप में लगातार तीन कार्यकाल पूरे कर चुके हैं।

राज्य में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन बचे हैं, ऐसे में इस घटनाक्रम ने कथित तौर पर जिले में माकपा नेतृत्व को रक्षात्मक स्थिति में डाल दिया है।

हालांकि, माकपा के वरिष्ठ नेता एम वी जयराजन ने टी के गोविंदन द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें ‘गद्दार’ करार दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पी के श्यामला को उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतारने में एम वी गोविंदन की कोई भूमिका नहीं है।

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में