त्रिशूर रोड शो में मोदी के साथ वाहन साझा करने से “दिल को सुकून पहुंचा” : पद्मजा वेणुगोपाल
त्रिशूर रोड शो में मोदी के साथ वाहन साझा करने से “दिल को सुकून पहुंचा” : पद्मजा वेणुगोपाल
त्रिशूर, 30 मार्च (भाषा) केरल की त्रिशूर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार पद्मजा वेणुगोपाल ने यहां एक रोड शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वाहन साझा किए जाने को लेकर सोमवार को “बेहद खुशी और गर्व” जाहिर किया।
पद्मजा ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ वाहन साझा करने का अनुरोध बार-बार ठुकराए जाने के मद्देनजर इस घटनाक्रम से “उनके दिल को काफी सुकून पहुंचा है।”
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के करुणाकरण की बेटी पद्मजा दो साल पहले कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई थीं।
पद्मजा ने आरोप लगाया कि 2021 में जब प्रियंका विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के सिलसिले में त्रिशूर आई थीं, तब उन्हें रोड शो में कांग्रेस महासचिव के साथ वाहन साझा करने का मौका नहीं दिया गया था।
साल 2021 में पद्मजा ने कांग्रेस-यूडीएफ उम्मीदवार के रूप में त्रिशूर से चुनाव लड़ा था।
भाजपा नेता ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “बार-बार अनुरोध करने के बावजूद मुझे प्रियंका गांधी के साथ वाहन साझा करने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि, मैं क्षेत्र से पार्टी की उम्मीदवार थी, फिर भी तत्कालीन लोकसभा सदस्य को प्राथमिकता दी गई। मंच पर भी मुझे उपेक्षा का सामना करना पड़ा।”
उन्होंने कहा, “इस लिहाज से प्रधानमंत्री के साथ वाहन साझा करने का घटनाक्रम मेरे दिल को काफी सुकून पहुंचाने वाला है।”
पद्मजा ने रविवार को हुए रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी उनके साथ बहुत ही विनम्र और गर्मजोशी भरा व्यवहार किया।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मेरे साथ बड़े भाई की तरह पेश आए और जब हम वाहन में खड़े थे, तब उन्होंने मुझसे आगे आने के लिए कहा। यह मेरे जीवन का सबसे खुशनुमा दिन था।”
त्रिशूर में रविवार को हुए रोड शो के दौरान पद्मजा और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी सहित तीन राजग उम्मीदवारों ने मोदी के साथ वाहन साझा किया था।
केरल में विधानसभा चुनाव के लिए नौ अप्रैल को मतदान होना है।
भाषा पारुल रंजन
रंजन

Facebook


