शिवकुमार बुधवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, 10-12 विधायक बनेंगे मंत्री
शिवकुमार बुधवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, 10-12 विधायक बनेंगे मंत्री
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली/ बेंगलुरु, दो जून (भाषा) कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले मंगलवार को उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी आलाकमान के साथ मंत्रिमंडल की रूपरेखा पर चर्चा की।
सूत्रों का कहना है कि शिवकुमार के साथ 10 से 12 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं और मंत्रिमंडल विस्तार इस महीने होने वाले राज्यसभा एवं विधान परिषद चुनाव के बाद होने की संभावना है।
इस बीच, पार्टी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले अपने वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया को मंगलवार को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य नियुक्त कर दिया।
शिवकुमार और सिद्धरमैया ने राज्य के अगले मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ विस्तृत चर्चा की। इसके बाद दोनों नेताओं ने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ अलग से मंत्रणा की।
शिवकुमार और सिद्धरमैया मंगलवार रात बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को जी परमेश्वर, प्रियंक खरगे, रामालिंगा रेड्डी, एमबी पाटिल और यतीन्द्र सिद्धरमैया मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार तीन जून को शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस नेतृत्व के कहने पर सिद्धरमैया के इस्तीफा देने के बाद वह इस जिम्मेदारी को संभालने जा रहे हैं। शिवकुमार को शनिवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद में अधिकतम 34 मंत्रियों को शामिल किए जाने का प्रावधान है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मंत्री पद के दावेदारों की लंबी कतार और उपलब्ध पदों की सीमित संख्या के बीच शिवकुमार के सामने संतुलन साधने की बड़ी चुनौती है। उन्हें हर कदम बेहद सावधानी से उठाना होगा, क्योंकि मंत्रिमंडल में जगह नहीं पाने वाले नेताओं की नाराजगी बड़े स्तर पर असंतोष का रूप ले सकती है।
सूत्रों का कहना है कि, नए मंत्रिमंडल में पुराने और नए चेहरों का मिश्रण देखने को मिल सकता है। जातीय समीकरण, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और सिद्धरमैया समर्थक नेताओं को ध्यान में रखते हुए संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी।
यह भी चर्चा है कि कई उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं और सिद्धरमैया मंत्रिमंडल के कुछ सदस्यों को नए मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है।
रविवार को शिवकुमार से मुलाकात के बाद सिद्धरमैया के पुत्र और कांग्रेस के विधान परिषद (एमएलसी) सदस्य यतींद्र सिद्धरमैया ने कहा था कि उन्हें अगले मंत्रिमंडल में जगह मिलने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने दावा किया था कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मंत्री पद देने का आश्वासन भी दिया है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा जारी है। यह पद फिलहाल शिवकुमार के पास है। वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री सतीश जारकीहोली इस दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि 18 जून को होने वाले राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के बारे में भी इन बैठकों में चर्चा हुई है। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर कांग्रेस राज्यसभा की चार में से तीन और विधान परिषद की सात में से पांच सीट जीतने की स्थिति में है।
भाषा हक धीरज
धीरज

Facebook


