भाजपा में शामिल होने से इनकार करने पर सिंगला की हुई गिरफ्तारी : केजरीवाल

भाजपा में शामिल होने से इनकार करने पर सिंगला की हुई गिरफ्तारी : केजरीवाल

भाजपा में शामिल होने से इनकार करने पर सिंगला की हुई गिरफ्तारी : केजरीवाल
Modified Date: May 18, 2026 / 05:59 pm IST
Published Date: May 18, 2026 5:59 pm IST

नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) कथित धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला का बचाव करते हुए पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि उन्हें भाजपा में शामिल होने से इनकार करने का दुष्परिणाम भुगतना पड़ रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली और गोवा में तलाशी के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने सिंगला को गिरफ्तार किया था।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दीपक सिंगला को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया गया कि उसने कोई गलत काम किया है। बल्कि, इसलिए गिरफ्तार किया है, क्योंकि वह भाजपा के खिलाफ काम कर रहे थे और उन्होंने भाजपा में शामिल होने से मना कर दिया। दीपक बहादुर हैं और देश के लिए लड़ रहे हैं।”

अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने सोमवार को आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के नेता सिंगला और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों में कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में तलाशी अभियान चलाया।

उन्होंने बताया कि दिल्ली और गोवा में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। सिंगला विश्वास नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार थे।

जांच के तहत 2024 में भी ईडी ने उनके घर पर छापा मारा था।

केजरीवाल ने पंजाब के गिरफ्तार हुए मंत्री संजीव अरोड़ा की भी प्रशंसा करते हुए उन्हें “बहादुर और देशभक्त” बताया।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, “संजीव जी, आप बहादुर हो। देशभक्त हो। पूरे पंजाब को आप पर गर्व है।”

मोबाइल फोन की बिक्री से जुड़े कथित 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी मामले में अरोड़ा (62) को नौ मई को चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास से ईडी ने गिरफ्तार किया था।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में