सूरज नाम्बियार ने अभिनेत्री मौनी रॉय से तलाक के बीच बयान जारी किया

सूरज नाम्बियार ने अभिनेत्री मौनी रॉय से तलाक के बीच बयान जारी किया

सूरज नाम्बियार ने अभिनेत्री मौनी रॉय से तलाक के बीच बयान जारी किया
Modified Date: May 18, 2026 / 05:47 pm IST
Published Date: May 18, 2026 5:47 pm IST

नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) व्यवसायी सूरज नाम्बियार ने अभिनेत्री मौनी रॉय से शादी के चार वर्ष बाद अलग होने की घोषणा के बीच सोमवार को उनके निजी जीवन में ताक-झांक के प्रयासों की आलोचना की।

रॉय और नाम्बियार ने पिछले बृहस्पतिवार को एक संयुक्त बयान के माध्यम से अपने तलाक की घोषणा की, जिससे उनके वैवाहिक जीवन को लेकर हफ्तों से चल रही अटकलों की पुष्टि हुई।

अब, नाम्बियार ने एक और बयान जारी कर उनके अलगाव के कारणों को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों की आलोचना की है।

बयान में कहा गया है, ‘मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा हमारे निजी जीवन में अनावश्यक ध्यान देने और ताक-झांक करने से हमें गहरी निराशा है। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमने अलग होने का फैसला किया है और हम निजी तौर पर सौहार्दपूर्ण ढंग से मामलों को सुलझाने के लिए आवश्यक समय ले रहे हैं।’

उन्होंने लिखा, ‘हमारे अलगाव को लेकर हाल ही में फैलाई गई निराधार खबरें घटिया और पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण हैं। मैं बातें स्पष्ट करना चाहता हूं। कोई गुजारा भत्ता नहीं। कोई विवाद नहीं। इसमें कोई तीसरा पक्ष शामिल नहीं… मौनी और मैंने आपसी सम्मान और एक-दूसरे की भलाई का पूरा ध्यान रखते हुए यह फैसला लिया है। यही सच है। बाकी सब कुछ मनगढ़ंत है।’

नाम्बियार ने कहा कि अलगाव में दूसरे लोगों को घसीटना अच्छा नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘मौनी और मैंने इस पूरे दौर में गरिमापूर्ण व्यवहार किया है और हम उम्मीद करते हैं कि इस पर रिपोर्टिंग करने वाले भी हमारे साथ वैसा ही गरिमापूर्ण व्यवहार करेंगे… मैं इस बात को स्पष्ट और सीधे तौर पर कह रहा हूं, क्योंकि जानबूझकर फैलाई गई गलत सूचना के सामने चुप रहना मुझे मंजूर नहीं है।’

इस बयान को मौनी रॉय ने भी साझा किया है।

‘गोल्ड’ और ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए मशहूर रॉय ने जनवरी 2022 में नाम्बियार से शादी की थी। उनकी मुलाकात 2019 में हुई थी।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में