सेंट जेवियर के खिलाफ टिप्पणी: गोवा में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन

सेंट जेवियर के खिलाफ टिप्पणी: गोवा में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन

सेंट जेवियर के खिलाफ टिप्पणी: गोवा में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन
Modified Date: April 23, 2026 / 04:14 pm IST
Published Date: April 23, 2026 4:14 pm IST

पणजी, 23 अप्रैल (भाषा) दक्षिण गोवा के वास्को शहर में बृहस्पतिवार को 100 से अधिक लोगों ने प्रदर्शन किया और गोवा के संरक्षक संत कहे जाने वाले सेंट फ्रांसिस जेवियर के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर दक्षिणपंथी वक्ता गौतम खट्टर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि खट्टर को पकड़ने और उसे देश से भागने से रोकने को लेकर प्रयास जारी हैं।

गोवा अपराध शाखा ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है और उसे देश छोड़ने से रोकने के लिए आव्रजन ब्यूरो को सतर्क कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस टीम उसे ढूंढने के लिए देश भर के विभिन्न शहरों में छानबीन में जुटी हैं।

‘सनातन महासंघ’ संगठन के संस्थापक गौतम खट्टर ने 18 अप्रैल को स्वामी ब्रह्मेशानंद, राज्य परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से विधायकों संकल्प अमोनकर और दाजी (कृष्ण) सालकर की उपस्थिति में एक कार्यक्रम में अपनी टिप्पणियों से विवाद खड़ा कर दिया।

सेंट फ्रांसिस के खिलाफ उनकी टिप्पणियों का एक वीडियो वायरल होने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन हुए और राजनीतिक दलों के नेताओं, गोवा के गिरजाघरो और अन्य लोगों से इसकी घोर निंदा की।

वास्को शहर के तिलक मैदान में बृहस्पतिवार को लगभग 150 लोग इकट्ठा हुए और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने न सिर्फ गौतम खट्टर के खिलाफ बल्कि उस कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जहां ये विवादास्पद टिप्पणी की गई थी।

प्रदर्शनकारियों में राज्य के पूर्व राजस्व मंत्री जोस फिलिप डिसूजा और अन्य स्थानीय नेता शामिल थे जिन्होंने आरोप लगाया कि आयोजक ‘सनातन धर्म रक्षा समिति’ खट्टर की पृष्ठभूमि से अवगत थी।

पुलिस उपाधीक्षक गुरुदास कदम ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि गौतम खट्टर के भाई माधव खट्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है, क्योंकि वह अपने भाई के साथ गोवा आया था।

कदम ने कहा, ‘‘वह भाषणों को तैयार करने और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करने में शामिल था।’’ कदम ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने उत्तराखंड के हरिद्वार से उनके भाई माधव खट्टर को गिरफ्तार किया है और उन्हें सह-आरोपी के रूप में नामित किया है। जांच में पता चला है कि माधव खट्टर ने ही 18 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में दक्षिणपंथी वक्ता के भाषण को तैयार किया था।

मुख्यमंत्री सावंत ने मडगांव में पत्रकारों से कहा कि गौतम खट्टर का पता लगाने और गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी को देश छोड़ने से रोकने के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करने सहित सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।’’

वास्को पुलिस ने गौतम खट्टर के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को कथित रूप से ठेस पहुंचाने और सेंट फ्रांसिस जेवियर के खिलाफ अपने भाषण के माध्यम से सांप्रदायिक द्वेष पैदा करने की कोशिश करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। सेंट फ्रांसिस जेवियर के अवशेष पुराने गोवा के बॉम जीसस चर्च के बेसिलिका में संरक्षित हैं।

पुलिस ने मंगलवार को देहरादून स्थित गौतम खट्टर के आवास का दौरा किया, लेकिन वे वहां नहीं मिले। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले बताया था कि पुलिस ने उन्हें समन जारी कर जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा है लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

भाषा सुरभि पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में