हिमाचल में तेज हवाओं और बारिश से पेड़ उखड़े, कच्चे घरों की छतें उड़ीं

हिमाचल में तेज हवाओं और बारिश से पेड़ उखड़े, कच्चे घरों की छतें उड़ीं

हिमाचल में तेज हवाओं और बारिश से पेड़ उखड़े, कच्चे घरों की छतें उड़ीं
Modified Date: May 11, 2026 / 09:51 pm IST
Published Date: May 11, 2026 9:51 pm IST

शिमला, 11 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार तड़के गरज, आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाओं और अचानक तेज बारिश के कारण भारी तबाही मची जिससे पेड़ उखड़ गए, घरों, स्कूलों और गौशालाओं की छतें उड़ गईं, कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई मवेशियों की मौत हो गई।

कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र के घालिंचा, घरयाल, कामेडा और कंडी गांवों में कम से कम पांच घरों और दस गौशालाओं की छतें उड़ गईं, जबकि शिमला और कांगड़ा में कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ने से बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

जलोरी दर्रे पर एक उखड़े हुए पेड़ के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई और वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।

यहां मिली खबरों के अनुसार, मंडी जिले के सुंदरनगर इलाके में पेड़ उखड़ने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि इसी इलाके के एक अन्य गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई।

कांगड़ा जिले के वृंदावन क्षेत्र में खराबी ठीक करते समय हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के एक लाइनमैन की अचानक बिजली आपूर्ति बहाल होने पर करंट लगने से मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण बैजनाथ उपमंडल के पापरोला और छोटा भंगाल इलाकों में भी भारी तबाही मची, जिससे पेड़ उखड़ गए, सड़कें अवरुद्ध हो गईं और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है और सामान्य स्थिति बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है।

तड़के राज्य के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हुई। सुंदरनगर में हल्की बारिश दर्ज की गई।

शिमला, जोत, मुरारी देवी, सुंदरनगर, भुंतर, जुब्बरहट्टी और कांगड़ा में गरज और आकाशीय बिजली चमकने की घटनाएं देखी गईं, जबकि सुंदरनगर, सेओबाग और बिलासपुर में 57-65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

शिमला मौसम कार्यालय ने सोमवार को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में मंगलवार को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज, आकाशीय बिजली गिरने और 40-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कार्यालय ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम से दैनिक गतिविधियां बाधित हो सकती हैं और संपत्ति एवं बिजली आपूर्ति को कुछ हद तक खतरा हो सकता है।

इसमें यह भी अनुमान लगाया गया है कि राज्य में बारिश का दौर 16 मई तक जारी रहेगा क्योंकि 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में 11, 12 और 13 मई को हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात का अनुमान है, 14, 15 और 16 मई को कुछ क्षेत्रों में और 17 मई को छिटपुट स्थानों पर मध्यम बारिश और हिमपात हो सकता है।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में