कन्नूर में छात्र की मौत: परिवार ने समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया

कन्नूर में छात्र की मौत: परिवार ने समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया

कन्नूर में छात्र की मौत: परिवार ने समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया
Modified Date: April 15, 2026 / 03:28 pm IST
Published Date: April 15, 2026 3:28 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 15 अप्रैल (भाषा) केरल में कन्नूर के एक डेंटल कॉलेज में बुधवार को एक इमारत से गिरने के बाद जान गंवाने वाले बीडीएस छात्र के परिवार ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसका समय पर इलाज नहीं किया गया।

बीडीएस का प्रथम वर्ष का छात्र नितिन राज आर एल (22) 10 अप्रैल को एक इमारत से गिरने के बाद मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के निकट गंभीर रूप से घायल हो गया था और बाद में उसकी मौत हो गई थी।

परिवार ने आरोप लगाया कि राज ने संकाय सदस्यों द्वारा जाति और रंगभेद के आधार पर उत्पीड़न किए जाने के बाद आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने राज को उसकी जाति और रंग के आधार पर परेशान किए जाने के आरोपों के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत दो संकाय सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि निलंबित किए गए दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।

राज की बहन रेखा ने पत्रकारों से कहा कि घायल अवस्था में पाए जाने के बाद उसे दिए गए इलाज के बारे में कॉलेज अधिकारियों ने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है।

रेखा ने कहा, ‘‘उसे दो घंटे के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उसके रक्त समूह की पहचान न हो पाने के कारण इलाज में देरी हुई। किसी मेडिकल कॉलेज को रक्त समूह की पहचान करने में कितना समय लगता है?’’

उन्होंने कहा कि परिवार संस्था द्वारा किए गए दावों पर विश्वास नहीं करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका दावा है कि उसे पांच यूनिट खून चढ़ाया गया। हम जानना चाहते हैं कि उसे क्या इलाज दिया गया। उसे घायल अवस्था में देखने वाले छात्रों ने बताया कि उसके एक पैर में केवल फ्रैक्चर हुआ था।’’

रेखा ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज द्वारा अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।

कॉलेज ने दावा किया था कि राज एक ऋण ऐप के माध्यम से पैसे उधार लेने के बाद दबाव में था और इस ऐप के संचालकों ने भुगतान की मांग करते हुए एक शिक्षिका से संपर्क भी किया था।

रेखा ने कहा, ‘‘अगर उसके (राज के) पिता फोन पर उपलब्ध नहीं थे, तो उन्हें वैकल्पिक संपर्क नंबर मांग लेना चाहिए था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कॉलेज में कुछ संदिग्ध घटना हुई है। राज उस शिक्षिका के प्रति सहानुभूतिवश अपनी जान नहीं देगा जो ऋण ऐप संचालकों द्वारा संपर्क किए जाने से परेशान थी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि राज की मौत से पहले ही कॉलेज अधिकारियों ने उसका फोन ले लिया था। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अगर फोन उसके पास होता, तो वह हमसे बात करके अपना इरादा बदल सकता था। लेकिन उन्होंने उसे फोन नहीं दिया।’’

रेखा ने कहा कि परिवार को राज से जुड़े ऋण मुद्दे की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज के शिक्षकों द्वारा उसे प्रताड़ित किया गया था।

इस बीच टेलीविजन चैनलों ने राज का एक कथित ऑडियो संदेश प्रसारित किया, जिसमें उसने शिक्षकों द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाया है और परीक्षा में जानबूझकर फेल किए जाने की आशंका व्यक्त की है, हालांकि उसने अपना कोर्स पूरा करने की उम्मीद भी जताई।

मामले की जांच कर रहे एक विशेष जांच दल ने राज के सहपाठियों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें से कुछ ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें कॉलेज के शिक्षकों की ओर से भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में