शुभेंदु ने बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले दिन को ‘अहम’ बताया

शुभेंदु ने बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले दिन को ‘अहम’ बताया

शुभेंदु ने बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले दिन को ‘अहम’ बताया
Modified Date: May 12, 2026 / 12:20 am IST
Published Date: May 12, 2026 12:20 am IST

(फोटो के साथ)

कोलकाता, 11 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नबान्न स्थित अपने कार्यालय में पहले दिन को ‘‘अहम’’ और विभिन्न गतिविधियों से युक्त बताया। शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से चुनावी वादों को अमल में लाना शुरू कर दिया है।

मंत्रिमंडल की अपनी पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अधिकारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार ने राज्य में ‘‘असल परिवर्तन’’ लाने के उद्देश्य से छह ‘‘ऐतिहासिक निर्णय’’ लिए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हमने वादों को अमल में लाया है’’ और पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने से लेकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि सौंपकर सीमा पर बाड़ लगाने के काम को सुगम बनाने जैसे निर्णय लिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अंततः केंद्र की प्रमुख स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत को लागू करेगा, जिससे निवासियों को इसके लाभ मिल सकेंगे।

अपने कार्यकाल के पहले दिन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार में नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए ऊपरी आयु सीमा में पांच वर्ष की वृद्धि को मंजूरी दी है ताकि उन युवाओं को भरपाई की जा सके जिन्होंने ‘‘पिछली सरकार के दौरान अपना बहुमूल्य समय गंवाया’’।

पोस्ट में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) को औपचारिक रूप से लागू कर दिया है और ‘‘उचित प्रतिनिधित्व’’ सुनिश्चित करने के लिए जनगणना प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।

राज्य सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री अधिकारी ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएं कि उनकी सरकार अगले महीने से ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना लागू करे और राज्य द्वारा संचालित बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान करे।

भाषा सुरभि संतोष

संतोष


लेखक के बारे में