शुभेंदु के करीबी सहयोगी की हत्या : चालक की कई सर्जरी हुईं, हालत अब भी नाजुक
शुभेंदु के करीबी सहयोगी की हत्या : चालक की कई सर्जरी हुईं, हालत अब भी नाजुक
कोलकाता, सात मई (भाषा) भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ पर हमले के दौरान घायल हुए उनके कार चालक की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रथ की कार चला रहे बुद्धदेव बेरा को गोलियां लगी हैं, और उनकी कई सर्जरी हुई हैं।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘बेरा की हालत नाजुक बनी हुई है। उनकी दो सर्जरी हुई हैं और गहन चिकित्सा इकाई में उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि डॉक्टर बेरा की हालत स्थिर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा ने इसे ‘‘लक्षित हत्या’’ करार दिया है। इस घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास रथ के वाहन को रोका और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए।
भाषा शफीक मनीषा
मनीषा

Facebook


