भारत-नेपाल के बीच रेल संपर्क विस्तार पर चर्चा

भारत-नेपाल के बीच रेल संपर्क विस्तार पर चर्चा

भारत-नेपाल के बीच रेल संपर्क विस्तार पर चर्चा
Modified Date: June 13, 2026 / 05:26 pm IST
Published Date: June 13, 2026 5:26 pm IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 13 जून (भाषा) भारत और नेपाल ने सीमा-पार रेल संपर्क, जनकपुर-अयोध्या खंड पर यात्री रेल सेवा शुरू करने तथा रेल क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि दोनों देशों के बीच यह चर्चा 11 और 12 जून को काठमांडू में आयोजित 10वीं परियोजना संचालन समिति और आठवें संयुक्त कार्य समूह की बैठकों के दौरान हुई।

दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता में जनकपुर-अयोध्या खंड पर यात्री रेल सेवा शुरू करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को अंतिम रूप देने का मुद्दा प्रमुख रूप से शामिल रहा।

नेपाल के जनकपुर को भगवान श्रीराम की धर्मपत्नी माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है, जोकि काठमांडू से लगभग 220 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। यह अयोध्या से लगभग 500 किलोमीटर पूर्व में है और दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नियमित रूप से आते-जाते हैं।

भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठकों में रक्सौल-काठमांडू ब्रॉडगेज रेल संपर्क परियोजना की अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा, भारतीय सहायता से विकसित की जा रही जयनगर-बिजलपुरा-बरदीबास तथा जोगबनी-बिराटनगर ब्रॉडगेज रेलवे लाइनों के क्रियान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बयान में कहा गया कि हिमालयी राष्ट्र के दक्षिणी तराई जिलों को जोड़ने वाली पूर्व-पश्चिम रेलवे लिंक परियोजना के लिए तकनीकी सहयोग का विषय भी दो दिवसीय चर्चा का हिस्सा रहा।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव


लेखक के बारे में