तमिलनाडु : नीलगिरी में सेना और वन विभाग ने 150 फुट गहरी खाई से पर्यटक को बचाया

तमिलनाडु : नीलगिरी में सेना और वन विभाग ने 150 फुट गहरी खाई से पर्यटक को बचाया

तमिलनाडु : नीलगिरी में सेना और वन विभाग ने 150 फुट गहरी खाई से पर्यटक को बचाया
Modified Date: March 20, 2026 / 01:28 pm IST
Published Date: March 20, 2026 1:28 pm IST

उदगमंडलम, 20 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के गुडालूर के पास ‘ऊसिमलाई व्यूप्वाइंट’ पर सेल्फी लेने की कोशिश करते समय 150 फुट गहरी खाई में गिर गए एक पर्यटक को शुक्रवार तड़के बचाया गया।

पीड़ित की पहचान चेंगलपेट जिले के शिवगुरुनाथन के रूप में हुई है। वह गुडालूर-ऊटी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक पर्यावरण पर्यटन केंद्र में गए थे, जो वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है।

जब वह व्यक्ति निर्धारित समय के काफी देर बाद भी परिसर से बाहर नहीं निकला तब वन अधिकारियों को संदेह हुआ।

सूत्रों के अनुसार, अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं को तुरंत सूचित किया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि, अंधेरा छा जाने और घने जंगल में हाथियों और बाघों सहित जंगली जानवरों की मौजूदगी के कारण अभियान में काफी बाधाएं आईं, जिसके चलते अग्निशमन विभाग के कर्मियों को अपने प्रयास अस्थायी रूप से रोकने पड़े।

इस असफलता के बाद, नीलगिरि के सांसद ए. राजा ने सहायता के लिए वेलिंगटन छावनी के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से संपर्क किया। सांसद के अनुरोध पर, सेना के जवानों की एक टीम ने वन विभाग के साथ मिलकर आधी रात को समन्वित बचाव अभियान चलाया।

अधिकारियों ने संयुक्त अभियान में पीड़ित तक सफलतापूर्वक पहुंचकर उसे तड़के सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। अधिकारियों ने बताया कि शिवगुरुनाथन को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में