तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय, नवनिर्वाचित विधायकों ने विधानसभा में शपथ ली
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय, नवनिर्वाचित विधायकों ने विधानसभा में शपथ ली
(फोटो सहित)
चेन्नई, 11 मई (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय, नौ अन्य मंत्रियों, के. पलानीस्वामी सहित पूर्व मुख्यमंत्रियों, पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और नवनिर्वाचित विधायकों ने सोमवार को पद की शपथ ली।
अस्थायी (प्रो-टेम) अध्यक्ष एम.वी. करुपैया ने विजय के नेतृत्व और जीत की प्रशंसा करते हुए 17वीं विधानसभा के पहले सत्र में विधायकों को पद की शपथ दिलाने की कार्यवाही शुरू की।
सबसे पहले मुख्यमंत्री विजय ने विधायक के रूप में शपथ ली और मंत्रियों में एन आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुणराज, केए सेनगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन और टीके प्रभु ने भी शपथ ली।
तत्पश्चात द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) विधायक दल के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी और ओ. पनीरसेल्वम तथा अन्य विधायकों ने पद की शपथ ली।
विजय, उदयनिधि और पनीरसेल्वम उन विधायकों में शामिल थे जिन्होंने ‘पूर्ण निष्ठा’ के नाम पर शपथ ली। पलानीस्वामी और पीएमके की सौम्या अंबुमणि उन विधायकों में शामिल थीं, जिन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली।
महिला मंत्री कीर्तना शुरुआत में अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र पेश नहीं कर सकीं और उन्हें इसे लाने के लिए वापस जाना पड़ा।
जब विधानसभा के प्रधान सचिव के. श्रीनिवासन ने माइक पर कीर्तना का नाम शपथ लेने के लिए पुकारा, तो वह मुख्यमंत्री की कुर्सी के सामने बने मंच की ओर बढ़ीं। विधानसभा की परंपरा के अनुसार, शपथ लेने वाले विधायक कार्यवाहक अध्यक्ष की ओर मुख करके खड़े होते हैं।
जैसे ही कीर्तना मंच के पास पहुंचीं, सचिव श्रीनिवासन ने हाथ उठाकर उनसे निर्वाचन प्रमाण-पत्र मांगा। हालांकि, वह प्रमाण-पत्र पेश नहीं कर सकीं। श्रीनिवासन को उन्होंने क्या जवाब दिया, यह स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।
बाद में, कीर्तना प्रमाण-पत्र सदन में लेकर आईं और अधिकारी को सौंप दिया तथा ईश्वर के नाम पर शपथ ली।
वेलाचेरी से ‘तमिलगा वेत्री कषगम’ (टीवीके) के विधायक आर. कुमार जब अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र जमा करने के बाद शपथ लेने ही वाले थे, तभी अधिकारी श्रीनिवासन ने उन्हें रोक दिया। श्रीनिवासन ने कुमार का ध्यान इस ओर दिलाया कि उनके द्वारा जमा किए गए प्रमाण-पत्र पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज है।
बाद में पता चला कि कुमार अपने पास बैठे अपनी ही पार्टी के एक अन्य विधायक का प्रमाण-पत्र ले आए थे और अनजाने में उसे श्रीनिवासन को सौंप दिया था। इसके तुरंत बाद, कुमार अपनी सीट पर वापस गए और अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र लाकर श्रीनिवासन को दिया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) विधायक सी. वे. षणमुगम ने विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में शपथ ली।
तमिलनाडु की 234-सदस्यीय विधानसभा की वर्तमान संख्या 233 है। विजय ने पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व- दोनों सीट से जीत दर्ज की थी, लेकिन उन्होंने तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा दे दिया।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश

Facebook


