नीति आयोग की बैठक में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री द्रमुक की उपलब्धियों को भुना रहे हैं : उदयनिधि
नीति आयोग की बैठक में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री द्रमुक की उपलब्धियों को भुना रहे हैं : उदयनिधि
चेन्नई, 13 जून (भाषा) द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने नीति आयोग की बैठक का इस्तेमाल पिछली द्रविड़ मॉडल सरकार की उपलब्धियों पर ‘‘स्टिकर चिपकाने’’ के लिए किया।
मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए उदयनिधि ने जानना चाहा कि क्या महिला सशक्तीकरण (खासकर कार्यबल में महिलाओं की 42 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना) और तमिलनाडु का भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने की उपलब्धि मौजूदा टीवीके सरकार ने हासिल की है, जो एक महीने पहले ही सत्ता में आयी है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक विजय ने यह विमर्श गढ़ा कि तमिलनाडु ‘‘कर्ज के गहरे जाल’’ में फंस गया है।
हालांकि, 11 जून को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक में विजय ने तमिलनाडु की उपलब्धियों की सूची पढ़कर सुनाई।
पूर्व मंत्री उदयनिधि ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने बताया कि तमिलनाडु भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और देश की कुल कामकाजी महिलाओं में से 42 प्रतिशत तमिलनाडु से हैं। साथ ही, उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और महिला स्वयं-सहायता समूहों के विकास में हुई प्रगति पर भी प्रकाश डाला।’’
द्रमुक नेता ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या ये सभी उपलब्धियां उनके एक महीने पुराने ‘सोफ़ा मॉडल’ शासन के दौरान हासिल हुईं, या फिर ये पांच साल के ‘द्रविड़ मॉडल’ शासन के दौरान हासिल की गईं?’’
भाषा शफीक संतोष
संतोष

Facebook


