तमिलनाडु: सरकार गठन को लेकर राज्यपाल के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यव्यापी प्रदर्शन किया
तमिलनाडु: सरकार गठन को लेकर राज्यपाल के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यव्यापी प्रदर्शन किया
चेन्नई, आठ मई (भाषा) कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन शुरू किया और आरोप लगाया कि हालिया विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बावजूद तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया।
चेन्नई के अन्ना सलाई में प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडणकर और प्रदेश अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई ने किया।
दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि राजभवन भाजपा नीत केंद्र सरकार की “कठपुतली” की तरह काम कर रहा है और लोकतांत्रिक मानदंडों को कमजोर कर रहा है।
चोडणकर ने प्रदर्शन स्थल पर संवाददाताओं के साथ बातचीत में राज्यपाल द्वारा सरकार गठन में देरी किए जाने की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अनुसरण कर रहे हैं, और यही उनकी समस्या है।
टीवीके-कांग्रेस गठबंधन को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिद्वंद्वी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रविड़) और अन्नाद्रमुक के बीच संभावित “बाहरी समर्थन” की अटकलों पर चोडणकर ने कहा, “उन्हें साथ आने दीजिए। तमिलनाडु की जनता के सामने सब बेनकाब हो जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो जनता को पता चल जाएगा कि वास्तव में कौन धर्मनिरपेक्ष है और इस परिस्थिति में कौन उनके साथ खड़ा है।
चोडणकर ने कहा, “मुझे भरोसा है कि कई धर्मनिरपेक्ष दल तमिलनाडु में भाजपा या आरएसएस के प्रभाव को नहीं देखना चाहते और निश्चित रूप से इसका विरोध करेंगे।”
उन्होंने द्रमुक नीत गठबंधन छोड़कर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके का समर्थन करने के कांग्रेस के फैसले पर कहा, “लोकतंत्र में जनता ही मालिक होती है। हमने जनादेश का सम्मान किया है।”
सेल्वापेरुन्थगई ने मांग की कि राज्यपाल सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए तुरंत आमंत्रित करें।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर राज्यपाल और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा 2026 के जनादेश का सम्मान करते हुए बिना देरी सरकार गठन की मांग की।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


