तमिलनाडु चुनाव:द्रमुक ने माकपा को पांच सीट देने की पेशकश की, वाम दल ने अबतक फैसला नहीं लिया
तमिलनाडु चुनाव:द्रमुक ने माकपा को पांच सीट देने की पेशकश की, वाम दल ने अबतक फैसला नहीं लिया
चेन्नई, 22 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने आसन्न राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपनी सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को पांच सीट देने की पेशकश की है। वाम दल के राज्य सचिव पी षणमुगम ने रविवार को यह जानकारी दी।
द्रमुक और माकपा के बीच पिछले 20 दिनों से चल रही सीट बंटवारे की वार्ता में नया मोड़ तब आया जब राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के मुखिया और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन व्यक्तिगत रूप से प्रक्रिया में शामिल हुए।
षणमुगम ने कहा, ‘‘यह पहली बार है जब मुख्यमंत्री (एमके स्टालिन) ने वार्ता में हिस्सा लिया और हमसे उन्होंने पांच सीट को स्वीकार करने का अनुरोध किया।’’
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में वामपंथी दलों माकपा और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने छह-छह सीट पर चुनाव लड़ा था।
षणमुगम के मुताबिक, ‘‘माकपा दो अंकों में सीट देने की मांग कर रही है। गठबंधन में और अधिक पार्टियों के शामिल होने के साथ द्रमुक की दलील है कि अधिक सीटें देना मुश्किल है।’’
मुख्यमंत्री ने द्रमुक नीत ‘सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस’ (एसपीए) के विस्तार से आने वाली बाधाओं का हवाला दिया।
उन्होंने बताया कि द्रमुक के रुख के मद्देनजर माकपा की राज्य समिति ने दो बार बैठक की और छह से अधिक सीट पर जोर न देने का फैसला किया।
षणमुगम ने कहा, ‘‘चूंकि नए सहयोगियों के आने से मौजूदा गठबंधन मजबूत हुआ है, इसलिए हमने छह से अधिक सीट के लिए जोर न देने का फैसला किया है। हमारी कार्यकारी समिति ने हमें 2021 के विधानसभा चुनाव में कम से कम छह सीट प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया है, जिन पर हमने चुनाव लड़ा था।’’
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


