महाशिवरात्रि पर जयपुर के ताड़केश्वर महादेव मंदिर में पुजारियों और पुलिस में विवाद, तनाव
महाशिवरात्रि पर जयपुर के ताड़केश्वर महादेव मंदिर में पुजारियों और पुलिस में विवाद, तनाव
जयपुर, 16 फरवरी (भाषा) महाशिवरात्रि के दौरान जयपुर के ऐतिहासिक ताड़केश्वर महादेव मंदिर में पुजारियों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद होने से तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
मंदिर के पुजारियों और स्वयंसेवकों के अनुसार, रविवार रात मंदिर परिसर में तीखी बहस और हाथापाई हुई, जिससे उत्सव का माहौल बिगड़ गया।
पुजारियों ने आरोप लगाया कि माणक चौक थाने के एक उप-निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के बहाने बेल्ट और जूते पहनकर गर्भगृह में प्रवेश कर गए, जो मंदिर के नियमों का उल्लंघन है। उनका आरोप है कि इस दौरान श्रद्धालुओं से भी अभद्रता कर धक्का-मुक्की की गई।
पुजारियों का आरोप है कि जब पुलिसकर्मियों को मंदिर के नियमों का पालन करने को कहा गया तो बहस शुरू हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
मंदिर के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी उप-निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर सोमवार सुबह हवामहल के विधायक बालमुकुंद आचार्य मंदिर पहुंचे। पुजारियों ने उपनिरीक्षक को निलंबित करने की मांग की है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
पुजारियों ने उपनिरीक्षक को निलंबित करने के लिए चार घंटे का समय दिया है और कार्रवाई नहीं होने पर मंदिर बंद करने की चेतावनी दी है।
भाषा बाकोलिया
मनीषा
मनीषा

Facebook


