आरोपी ने छत पर अध्ययन कक्ष में आईआरएस अधिकारी की बेटी से बलात्कार किया था

आरोपी ने छत पर अध्ययन कक्ष में आईआरएस अधिकारी की बेटी से बलात्कार किया था

आरोपी ने छत पर अध्ययन कक्ष में आईआरएस अधिकारी की बेटी से बलात्कार किया था
Modified Date: April 23, 2026 / 03:19 pm IST
Published Date: April 23, 2026 3:19 pm IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) दक्षिण दिल्ली के बेहद पॉश इलाके कैलाश हिल्स में भारतीय राजस्व सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बलात्कार के बाद हत्या के मामले की जांच में बेहद सनसनीखेज और चौका देने वाले खुलासे हुए हैं।

हत्या मामले की जांच से खुलासा हुआ है कि 19 वर्षीय आरोपी एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल कर कैलाश हिल्स स्थित आवास में चुपके से घुसा और सीधे छत पर बने अध्ययन कक्ष में गया जहां उसने अपने पूर्व नियोक्ता की बेटी पर कथित तौर पर हमला किया, बलात्कार किया और फिर उसके खून से लथपथ शरीर को घसीट कर नीचे ले गया। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बलात्कार और हत्या की घटना के भयावह विवरण के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि आरोपी राहुल मीणा को अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है और उसने बार-बार अपना बयान बदल रहा है।

आरोपी को अपराध के कुछ घंटों बाद द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसने पीड़िता पर भारी वस्तु से वार किया जिससे वह बेहोश हो गई और फिर मोबाइल फोन की चार्जिंग केबल से घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘जांच से पता चला है कि आरोपी ने पीड़िता के साथ तब बलात्कार किया जब वह बेहोश थी। इसके बाद वह उसे सीढ़ियों से घसीटकर नीचे लाया और दूसरे कमरे में ले गया जहां एक लॉकर रखा था। उसने पीड़िता की उंगलियों का उपयोग करके बायोमेट्रिक लॉक खोलने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं खुला।’

उन्होंने बताया कि इसके बाद उसने पेंचकस का इस्तेमाल करके लॉकर तोड़ा, नकदी और गहने चुराए, अपने खून से सने कपड़े और चप्पलें बदलीं और घटनास्थल से भाग गया। यह सब पीड़िता के माता-पिता के घर लौटने से लगभग 30 मिनट पहले हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लगभग 40 मिनट तक घर के अंदर था।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पुष्टि हुई कि राहुल सुबह करीब 6.30 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ, सुबह 6.39 बजे चुपके से घर में घुस गया और सुबह 7.20 बजे घर से निकल गया।

यह घटना तब सामने आई जब पीड़िता के माता-पिता जिम से घर लौटे और लड़की को खून से लथपथ पाया। उसके कपड़े फटे हुए थे और उसका सामान चारों ओर बिखरा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने करीब आठ महीने तक आवास में घरेलू सहायक के तौर पर काम किया था और तकरीबन डेढ़ महीने पहले उसे काम से निकाल दिया गया था। वह पीड़िता के माता-पिता की सुबह की दिनचर्या के बारे में जानता था जो घटना के समय घर पर नहीं थे।

पीड़िता आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग स्नातक थी और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

सूत्रों ने कहा, “ शुरू में राहुल ने पुलिस को बताया कि वह अलवर से दिल्ली तक एम्बुलेंस से आया था। लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदल लिया और कहा कि उसने 5,000 रुपये में एक कार बुक की और दिल्ली पहुंचने के बाद चालक को किराया भी नहीं दिया।”

उन्होंने बताया, “हमारी टीमें राजस्थान और दिल्ली दोनों जगहों पर घटनाओं के क्रम की सटीक जानकारी जुटाने में लगी हैं। हम घटनास्थल से लेकर द्वारका के उस होटल तक की सीसीटीवी फुटेज की भी छानबीन कर रहे हैं, जहां से राहुल को गिरफ्तार किया गया था।”

अधिकारियों ने बताया कि 19 वर्षीय युवक एक आदतन अपराधी प्रतीत होता है, जिसने दिल्ली में अपराध करने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया था।

अलवर पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी ने बृहस्पतिवार को बताया,“राहुल मीणा के खिलाफ बलात्कार के आरोप की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। हमने पूछताछ के लिए आधे दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।”

अधिकारी के अनुसार, राहुल पीड़िता को जानता था और उसके पति के साथ ऑनलाइन लूडो खेलता था।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश

नरेश


लेखक के बारे में