एटा में निःसंतान दंपति के शव पेड़ पर लटके मिले, पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी

एटा में निःसंतान दंपति के शव पेड़ पर लटके मिले, पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी

एटा में निःसंतान दंपति के शव पेड़ पर लटके मिले, पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी
Modified Date: May 27, 2026 / 01:04 pm IST
Published Date: May 27, 2026 1:04 pm IST

एटा (उप्र), 27 मई (भाषा) एटा जिले के थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव रशीदपुर में पति-पत्नी के शव संदिग्ध हालात में पेड़ पर लटके मिले। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी तलाशे जा रहे हैं।

मृतकों की पहचान भानु प्रताप (38) और उनकी पत्नी रामादेवी (35) के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। परिजनों के अनुसार, संतान न होने के कारण दंपति मानसिक रूप से परेशान थे और इलाज के लिए आगरा व अलीगढ़ तक जा चुके थे।

ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार शाम रामादेवी चारा लेने खेत पर गई थीं, जिसके बाद वह घर नहीं लौटीं। बताया जा रहा है कि पत्नी को तलाशते हुए भानु प्रताप भी खेत पर पहुंचे। इसके बाद दोनों के शव गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में एक पेड़ पर लटके मिले।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए। फील्ड यूनिट और श्वान दस्ते की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि रात करीब तीन बजे दो शव पेड़ पर लटके होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के संबंध अच्छे थे, लेकिन संतान न होने से वे परेशान रहते थे। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया लगता है कि पहले पत्नी घर से गई, फिर पति तलाशते हुए खेत पर पहुंचा और पत्नी को फंदे पर लटका देख आवेश में आकर उसने भी फांसी लगा ली।

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दंपति घर में अकेले रहते थे तो रात में इतनी दूर खेत पर क्यों गए? क्या वे स्वयं वहां गए थे या कोई अन्य परिस्थिति थी?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

भाषा सं आनन्द मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में