अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बम होने की सूचना गहन तलाशी के बाद फर्जी साबित हुई

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बम होने की सूचना गहन तलाशी के बाद फर्जी साबित हुई

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बम होने की सूचना गहन तलाशी के बाद फर्जी साबित हुई
Modified Date: July 22, 2025 / 09:33 pm IST
Published Date: July 22, 2025 9:33 pm IST

अहमदाबाद, 22 जुलाई (भाषा) अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बम होने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन इस दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में बम रखे होने की सूचना एक अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के ज़रिए दी थी। ‘जी’ डिविजन के सहायक पुलिस आयुक्त वीएन यादव ने बताया कि ईमेल मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और साइबर अपराध शाखा व अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से पूरे हवाई अड्डा परिसर की तलाशी ली।

उन्होंने बताया, ‘यह सूचना फर्जी निकली क्योंकि तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हवाई अड्डा पुलिस और साइबर अपराध विभाग आगे की जांच कर रहे हैं।’

एक बयान में हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने कहा कि तलाशी के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

प्रवक्ता ने कहा, ’22 जुलाई, 2025 को धमकी भरा ईमेल प्राप्त होने के बाद, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अहमदाबाद ने बम खतरा आकलन समिति को सक्रिय कर दिया, और खतरे को गैर-विशिष्ट पाया गया।’

बयान में कहा गया है कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के बम खोज एवं निरोधक दस्ते ने मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप परिसर की व्यापक जांच की।

प्रवक्ता ने कहा, “ हवाई अड्डे का संचालन बिना किसी व्यवधान के जारी रहा है। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’

पिछले छह महीनों के दौरान, गुजरात उच्च न्यायालय, अहमदाबाद हवाई अड्डे और राज्य भर के 20 से अधिक निजी स्कूलों को बम रखे होने से संबंधित ऐसी फर्जी सूचनाएं मिली हैं।

भाषा नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में