देश नक्सलवाद से मुक्त नहीं हुआ, लेकिन बहुत कमी आई है: धर्मेंद्र यादव

देश नक्सलवाद से मुक्त नहीं हुआ, लेकिन बहुत कमी आई है: धर्मेंद्र यादव

देश नक्सलवाद से मुक्त नहीं हुआ, लेकिन बहुत कमी आई है: धर्मेंद्र यादव
Modified Date: March 30, 2026 / 04:38 pm IST
Published Date: March 30, 2026 4:38 pm IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि देश नक्सलवाद से मुक्त नहीं हुआ है, लेकिन वह इस बात से सहमत हैं कि इस समस्या में बहुत कमी आई है।

उन्होंने सदन में वामपंथी उग्रवाद से देश को मुक्त कराने के प्रयास पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि सरकार को संवाद के माध्यम से नक्सलवाद की समस्या का समाधान करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘हम इस बात से सहमत नहीं है कि देश को नक्सलवाद से मुक्त करा दिया गया है, लेकिन इस बात को स्वीकार जरूर करेंगे नक्सलवाद में बहुत कमी आई है।’’

यादव ने कहा कि सपा नेता मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में नक्सलवाद का खात्मा हुआ और यह बातचीत के आधार पर हुआ था।

उन्होंने कहा कि सरकार को नक्सलवाद के कारणों पर विचार करना चाहिए।

सपा सांसद ने कहा कि सरकार को नक्सल प्रभावित इलाकों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि नक्सलवादी हिंसा के कारण पिछले दो दशकों में 2700 जवानों ने शहादत दी है।

उन्होंने आदिवासी इलाकों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘‘सरकार गोली का जवाब गोली से देने की नीति अपनाती है।’’

महंत ने कहा कि इसे साझा राष्ट्रीय समस्या के रूप में देखना चाहिए।

उन्होंने सवाल किया कि कहीं ऐसा तो नहीं है कि सरकार नक्सलियों के सफाए के नाम पर बड़े उद्योगपतियों के लिए लाल कालीन बिछा रही हो।

भाजपा सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकारों के समय असंगत नीतियों के चलते नक्सलवाद का विस्तार होता चला गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ठोस नीतियों के कारण इस समस्या में बहुत कमी आई है।

भाषा हक

हक वैभव

वैभव


लेखक के बारे में