मौजूदा ऊर्जा संकट, कांग्रेस व भाजपा नीत केंद्र सरकारों की गलत नीतियों के कारण पैदा हुआ : विजयन
मौजूदा ऊर्जा संकट, कांग्रेस व भाजपा नीत केंद्र सरकारों की गलत नीतियों के कारण पैदा हुआ : विजयन
तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को कहा कि अमेरिका के कथित प्रभाव में रहीं कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकारों की नीतियों ने देश में मौजूदा ऊर्जा संकट पैदा हुआ है।
विजयन ने एक बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की स्थिति ने संकट को और बढ़ा दिया है, जिससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा अनिश्चितता की स्थिति का सामना कर रही है।
उन्होंने प्रस्तावित भारत-ईरान गैस पाइपलाइन परियोजना से भारत के 2006 में हटने के फैसले को ‘‘ऐतिहासिक गलती’’ करार देते हुए दावा किया कि इससे देश के दीर्घकालिक हितों को नुकसान पहुंचा है।
विजयन के मुताबिक इस परियोजना से हटने का फैसला अमेरिका के दबाव में लिया गया था।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मणिशंकर अय्यर को पाइपलाइन परियोजना का समर्थन करने के कारण कांग्रेस नेतृत्व द्वारा उनके पद से हटा दिया गया था।
विजयन ने कहा कि अय्यर की जगह मुरली देवड़ा को लाया गया, जो कॉर्पोरेट हितों की ओर झुकाव का संकेत था।
विजयन ने आरोप लगाया कि बाद के नीतिगत बदलावों में देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के बजाय कॉर्पोरेट हितों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा की मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भी कुछ निजी ऊर्जा कंपनियों को अनुचित महत्व और लाभ मिलता दिख रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि रूस से कच्चे तेल की खरीद जैसे मामलों में भारत बाहरी दबाव के आगे झुक रहा है, जो राष्ट्रीय हितों के बजाय अंतरराष्ट्रीय और कॉर्पोरेट हितों को प्राथमिकता देने वाली नीति को दर्शाता है।
ईंधन कीमतों में वृद्धि और आपूर्ति की अनिश्चितता के प्रभाव का जिक्र करते हुए विजयन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर अत्यधिक निर्भरता ने आम लोगों और उद्योगों को संकट में डाल दिया है, जबकि आतिथ्य जैसे सेवा क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत खारी
खारी

Facebook


