असम विधानसभा का पहला सत्र 21 मई से शुरू होगा

असम विधानसभा का पहला सत्र 21 मई से शुरू होगा

असम विधानसभा का पहला सत्र 21 मई से शुरू होगा
Modified Date: May 13, 2026 / 07:54 pm IST
Published Date: May 13, 2026 7:54 pm IST

गुवाहाटी, 13 मई (भाषा) असम की 16वीं विधानसभा का पहला सत्र 21 मई से शुरू होकर चार दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अपने दूसरे कार्यकाल की पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यहां एक प्रेस वार्ता में बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठतम विधायक और पूर्व मंत्री चंद्र मोहन पटवारी कार्यवाहक अध्यक्ष होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को इस बारे में सूचित कर दिया गया है और इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी।

राज्यपाल, सत्र के पहले दिन सदन को संबोधित भी करेंगे।

शर्मा ने बताया कि विधानसभा सत्र 21, 22, 25 और 26 मई को होगा। विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा और यह पहले ही घोषित किया जा चुका है कि भाजपा के पूर्व मंत्री रणजीत कुमार दास राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार होंगे।

उन्होंने कहा, “राजग सरकार ने आज (बुधवार से) से काम करना शुरू कर दिया है, हालांकि मंगलवार को शपथ लेने वाले चार मंत्रियों के विभागों की घोषणा अभी बाकी है।’’

शर्मा ने कहा कि विभागों की घोषणा जल्द ही की जाएगी और विधानसभा सत्र के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की और 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीट पर जीत हासिल की।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में