कॉजपा के प्रदर्शनकारी लगातार तीसरे दिन भी जंतर-मंतर पर डटे रहे, दीपक के निशाने पर नीट विवाद रहा

कॉजपा के प्रदर्शनकारी लगातार तीसरे दिन भी जंतर-मंतर पर डटे रहे, दीपक के निशाने पर नीट विवाद रहा

कॉजपा के प्रदर्शनकारी लगातार तीसरे दिन भी जंतर-मंतर पर डटे रहे, दीपक के निशाने पर नीट विवाद रहा
Modified Date: June 22, 2026 / 08:56 pm IST
Published Date: June 22, 2026 8:56 pm IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में जंतर-मंतर पर लगातार तीसरे दिन सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का धरना-प्रदर्शन जारी रहा तथा पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने परीक्षा में कथित गड़बड़ियों एवं नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर अपना हमला और तेज़ कर दिया।

यह धरना प्रदर्शन शनिवार दोपहर शुरू हुआ था और रातभर जारी रहा। प्रदर्शनकारी पुलिस की तैनाती के बीच मौके पर डटे रहे।

रविवार को दोबारा परीक्षा देने वाले कुछ नीट अभ्यर्थी भी विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। वे अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए, दीपके ने उन विद्यार्थियों के साथ बर्ताव को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से सवाल किये जिन्हें कुछ मिनट देर से पहुंचने के कारण दोबारा परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि अधिकारी विद्यार्थियों को ‘सज़ा दे रहे हैं’, जबकि कथित पेपर लीक के मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आप चार मिनट की देरी बर्दाश्त नहीं कर सकते, लेकिन विद्यार्थियों की मौत के बाद शिक्षा मंत्री के पद पर बने रहने को हम कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं?’’

दीपके ने कहा कि प्रधान का इस्तीफ़ा ‘‘बहुत ही मामूली कदम’’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की कमी है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी के आरोपों के बाद रद्द हुई परीक्षा की दोबारा तैयारी करने के कारण विद्यार्थियों को मानसिक परेशानी हुई है।

विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए बिहार के एक छात्र ने कहा,‘‘मानसिक रूप से मैं ठीक महसूस नहीं कर रहा हूं, क्योंकि हमें दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी पड़ी और परीक्षा देनी पड़ी। परीक्षा के बाद इंसान आराम महसूस करता है, लेकिन उन्होंने पेपर लीक कर दिया और नीट परीक्षा रद्द कर दी।’’

विद्यार्थियों ने मंत्री से जवाबदेही और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की।

दीपके ने लोगों से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जंतर-मंतर पर नीट अभ्यर्थियों से मिलने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये विद्यार्थी अपना अनुभव सीधे प्रधानमंत्री के साथ साझा करना चाहते हैं।

उन्होंने इस आरोप पर सवाल उठाया कि यह विरोध प्रदर्शन युवाओं को भड़काने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की चिंताओं को उठाना उकसावा नहीं माना जा सकता।

उन्होंने जवाबदेही के मुद्दों पर नेताओं की आलोचना भी की और कहा कि नेताओं को शिक्षा एवं विद्यार्थियों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

दीपके ने सोमवार को आरोप लगाया था कि पुलिस विद्यार्थियों से आधार कार्ड मांगकर उन्हें विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोक रही है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे का खंडन किया।

एसएफआई, आईसा, एआईएसएफ और केवाईएस समेत वामपंथी छात्र संघों और युवा संगठनों के सदस्यों ने भी इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। एआईएसएफ ने विरोध स्थल पर एक लाइब्रेरी बनाई है।

यह प्रदर्शन सुरक्षा इंतज़ामों के बीच हो रहा है। विरोध वाली जगह के आसपास पुलिस बल तैनात किए गए हैं और बैरिकेड लगाए गए हैं।

प्रश्नपत्र लीक के आरोपों और सरकार से जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कॉजपा की ओर से आयोजित यह दूसरा विरोध प्रदर्शन है।

भाषा

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में