जंतर-मंतर पर चौथे दिन भी जारी रहा कॉजपा का धरना; दीपके ने कहा : हम आतंकवादी नहीं

जंतर-मंतर पर चौथे दिन भी जारी रहा कॉजपा का धरना; दीपके ने कहा : हम आतंकवादी नहीं

जंतर-मंतर पर चौथे दिन भी जारी रहा कॉजपा का धरना; दीपके ने कहा : हम आतंकवादी नहीं
Modified Date: June 23, 2026 / 10:32 pm IST
Published Date: June 23, 2026 10:32 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक के कथित आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने लगातार चौथे दिन मंगलवार को भी यहां जंतर-मंतर पर धरना दिया।

प्रदर्शनकारियों ने ‘डायपर डोनेशन’ अभियान भी चलाया।

कॉजपा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा किए, जिनमें प्रदर्शनकारियों को अभियान के दौरान डायपर लहराते और ‘‘प्रधान इस्तीफा दो’’ के नारे लगाते हुए दिखाया गया।

इससे पहले, पार्टी ने अपने समर्थकों से प्रदर्शन स्थल पर डायपर लाने, उन पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लिखने और मंगलवार शाम के लिए प्रस्तावित ‘डायपर ए डे कीप्स लीक्स अवे’ अभियान में शामिल होने की अपील की थी।

कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधान के उस कथित बयान का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने पार्टी को ‘‘आतंकवादियों की बी-टीम’’ कहा था। दीपके ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो क्लिप साझा की, जिसमें प्रधान ये कथित बातें कहते हुए दिख रहे हैं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपके ने कहा, ‘‘कल्पना कीजिए प्रधान ने क्या कहा। जब हम आत्महत्या करने वाले छात्रों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि कॉजपा आतंकवादियों की ‘बी-टीम’ है। शिक्षा मंत्री देश के युवाओं को आतंकवादी कह रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सर, हम आतंकवादी नहीं हैं। हमें आप जैसे लोगों से देशभक्ति के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है, जो मासूम छात्रों की मौत के लिए ज़िम्मेदार हैं।’’

‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में दीपके ने कहा, ‘‘धर्मेंद्र प्रधान हमें आतंकवादी कहते हैं। लेकिन विडंबना यह है कि 17 से अधिक छात्रों के खून से उनके हाथ रंगे हुए हैं।’’

मंगलवार को, जब ‘संयुक्त किसान मोर्चा-गैर-राजनीतिक’ के बैनर तले किसान संघों ने जंतर-मंतर पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, तो दीपके ने उनके प्रति समर्थन जताया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, ‘‘अवरोधक हमें शारीरिक रूप से अलग कर सकते हैं, लेकिन हमारे मकसद को नहीं। न्याय की हमारी लड़ाई में किसान और छात्र एकजुट हैं। जय जवान-जय किसान!’’

कॉजपा का कहना है कि प्रधान के इस्तीफा देने तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।

शनिवार को शुरू हुए इस धरने में छात्र, परीक्षा की तैयारी करने वाले उम्मीदवार और कई छात्र संगठनों के सदस्य शामिल हुए हैं।

दीपके ने सोमवार देर रात आरोप लगाया कि पुलिस ने अवरोधकों के जरिए ‘‘प्रदर्शन स्थल को एक छोटे से क्षेत्र में समेटने’’ का प्रयास किया। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कॉजपा कथित प्रश्नपत्र लीक और नीट विवाद समेत परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है। पार्टी का कहना है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उनका यह प्रदर्शन जारी रहेगा।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में