भौतिकी की बदली गई उत्तर पुस्तिका में अंकों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई: सीबीएसई छात्र वेदांत का दावा
भौतिकी की बदली गई उत्तर पुस्तिका में अंकों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई: सीबीएसई छात्र वेदांत का दावा
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12 के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने अब दावा किया है कि पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद भी भौतिकी विषय में उसके अंक में कोई वृद्धि नहीं हुई है।
वेदांत ने पहले आरोप लगाया था कि उनकी भौतिकी की उत्तर पुस्तिका को किसी अन्य छात्र की उत्तर पुस्तिका से बदल दिया गया था।
उसका दावा है कि हालांकि सीबीएसई ने पहले यह स्वीकार किया था कि उत्तर पुस्तिकाएं आपस में बदल गई थीं और आश्वासन दिया था कि पुनर्मूल्यांकन के दौरान अंकों को ठीक कर दिया जाएगा, लेकिन उसके कुल प्राप्तांक में कोई खास बढ़ोतरी नहीं देखी गई है।
दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर सीबीएसई का एक कथित बयान प्रसारित हो रहा है जिसमें छात्र के दावों का खंडण किया गया है। इस कथित बयान में कहा गया है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद छात्र के कुल अंक मे नौ की वृद्धि हुई है।
इस कथित बयान में कहा गया, ‘उम्मीदवार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि दो विषयों में केवल एक-एक अंक बढ़ा है और भौतिकी में कोई अंक नहीं बढ़ा। हालांकि, यह तथ्यात्मक रूप से गलत है।’
हालांकि, सीबीएसई ने इस बयान की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए वेदांत ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘हैलो सीबीएसई, भौतिकी में जिन नौ अंकों की बढ़ोतरी की आप बात कर रहे हैं, वे पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया के माध्यम से नहीं बढ़े हैं। वे मेरे वास्तविक अंक हैं जो आप लोगों ने मुझे पहले नहीं दिए थे क्योंकि आपने मेरी उत्तर पुस्तिका बदल दी थी। इसके अलावा कंप्यूटर साइंस (सीएस) और गणित में एक-एक अंक बढ़ा है।’
वेदांत ने सवाल उठाया, ‘यह झूठ कैसे है? पुनर्मूल्यांकन पोर्टल खुलने के बाद भौतिकी में नौ अंकों की बढ़ोतरी नहीं हुई है और अगर भौतिकी की वह उत्तर पुस्तिका मेरी नहीं थी, तो उस उत्तर पुस्तिका पर दिए गए अंक मेरे अंक कैसे हुए?’
सीबीएसई ने कहा कि कक्षा 12 के परिणाम घोषित होने के बाद पुनर्मूल्यांकन के लिए प्राप्त 99.7 प्रतिशत आवेदनों का निपटारा कर दिया गया है। शेष आवेदनों की समीक्षा अंतिम चरण में है और उनके परिणाम भी जल्द ही घोषित किए जाएंगे।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश

Facebook


