बटाला दोहरा हत्याकांड मामले के तीन आरोपी भारत-भूटान सीमा से गिरफ्तार: पंजाब पुलिस
बटाला दोहरा हत्याकांड मामले के तीन आरोपी भारत-भूटान सीमा से गिरफ्तार: पंजाब पुलिस
चंडीगढ़, 13 मई (भाषा) केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में पंजाब पुलिस ने बटाला दोहरे हत्याकांड में वांछित तीन मुख्य आरोपियों को पश्चिम बंगाल में भारत-भूटान सीमा से गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि आरोपी भूटान भागने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विदेश में बैठे फरार गैंगस्टर हैप्पी जाट से कथित तौर पर जुड़े हुए थे।
उन्होंने बताया कि यह अभियान ‘ऑपरेशन नेस्ट रैकर’ के नाम से चलाया गया था। यह अभियान पंजाब के गैंगस्टर रोधी कार्य बल (एजीटीएफ), पुलिस महानिरीक्षक(आईजीपी) आशीष चौधरी के नेतृत्व वाली विदेशी भगोड़े निगरानी एवं प्रत्यर्पण प्रकोष्ठ (ओएफटीईसी) पंजाब और बटाला पुलिस ने संयुक्त रूप से चलाया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के कथूनांगल निवासी जतिन सिंह, तरनतारन के संगार कोट गांव निवासी साजनदीप सिंह और अमृतसर के बलिया मंजपुर निवासी महकदीप सिंह के रूप में हुई है।
उसने बताया कि आरोपी जतिन सिंह पर शस्त्र अधिनियम, स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बटाला के भोमा गांव में 27 अप्रैल को रात करीब नौ बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने तीन लोगों पर गोलियां चला दी थीं। इस घटना में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।
डीजीपी यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपियों ने विदेश में बैठे भगोड़े हैप्पी जाट के निर्देश पर इस सुनियोजित हत्याकांड को अंजाम दिया था।
उन्होंने बताया इस संबंध में जांच जारी है।
भाषा
प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


