तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा के उपसभापति के चुनाव में ‘जल्दबाजी’ पर उठाए सवाल
तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा के उपसभापति के चुनाव में ‘जल्दबाजी’ पर उठाए सवाल
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने शुक्रवार को हरिवंश को राज्यसभा का उपसभापति निर्वाचित किए जाने में “जल्दबाजी” पर सवाल उठाए और कहा कि लोकसभा में पिछले सात वर्षों से उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है।
तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने हरिवंश के उपसभापति के रूप में निर्वाचन के लिए प्रस्ताव पेश किए जाने के दौरान सदन से बहिर्गमन किया। इसके बाद डेरेक ओ’ब्रायन की यह टिप्पणी आई।
हरिवंश आज राज्यसभा के उपसभापति निर्विरोध चुने गए। पहली बार किसी मनोनीत सदस्य को उच्च सदन का उपसभापति नियुक्त किया गया है।
डेरेक ओ’ब्रायन ने बहिर्गमन के बाद एक बयान में कहा, “लोकसभा में सात वर्षों से उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है। जब पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं, तब संसद की तीन दिन की विशेष बैठक में यह (उपसभापति का) चुनाव कराने की क्या जरूरत थी?”
पत्रकारिता से राजनीति में आए हरिवंश का यह उपसभापति के रूप में तीसरा कार्यकाल है।
राज्यसभा के उपसभापति का पद हरिवंश का उच्च सदन में कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त होने के बाद रिक्त हो गया था। इसके बाद उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया। हरिवंश ने 10 अप्रैल को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने हरिवंश को उपसभापति के पद पर उनके निर्वाचन पर बधाई दी।
भाषा
मनीषा अविनाश
अविनाश

Facebook


