अपने कार्यकर्ताओं को फर्जी ‘प्रेस कार्ड’ जारी कर रही तृणमूल: भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी
अपने कार्यकर्ताओं को फर्जी ‘प्रेस कार्ड’ जारी कर रही तृणमूल: भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, 17 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की निवर्तमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को ‘‘फर्जी प्रेस पहचान पत्र’’ जारी कर रही है ताकि वे मतदान केंद्रों तक पहुंच बना सकें और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकें।
इससे एक दिन पहले, तृणमूल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। तृणमूल ने कहा था कि भाजपा ने ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ नाम की एक योजना शुरू कर महिलाओं को वित्तीय सहायता देने का वादा किया है और मतदान से कुछ दिन पहले विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में इसके प्रपत्र बांटे हैं।
तृणमूल ने इस कदम को ‘‘भाजपा की चुनावी रिश्वतखोरी’’ करार दिया और उसके नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शुक्रवार को एक पोस्ट साझा कर आरोप लगाया कि राजनीतिक परामर्श देने वाली कंपनी ‘इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी’ के साथ मिलकर तृणमूल अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘‘फर्जी प्रेस पहचान पत्र’’ जारी कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग ‘‘पत्रकार बनकर’’ मतदान केंद्रों और प्रशासनिक केंद्रों जैसे संवेदनशील स्थानों तक पहुंच हासिल कर रहे हैं, ताकि ‘‘मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके और चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर की जा सके।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘इन छद्म पत्रकारों को मीडिया को मिलने वाली छूट की आड़ में अवैध गतिविधियां करने के लिए रणनीतिक तरीके से तैनात किया जा रहा है।’’
भाजपा नेता ने निर्वाचन आयोग से राज्य भर में हाल में जारी किए गए सभी प्रेस पहचान पत्रों का गहन सत्यापन कराने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि केवल मान्यता प्राप्त मीडिया संगठनों के पत्रकारों को ही मतदान केंद्रों के पास जाने की अनुमति दी जाए।
तृणमूल ने इस आरोप पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष

Facebook


