तृणमूल ने बंगाल में ‘माफिया संस्कृति’ को बढ़ावा दिया: भाजपा

तृणमूल ने बंगाल में ‘माफिया संस्कृति’ को बढ़ावा दिया: भाजपा

तृणमूल ने बंगाल में ‘माफिया संस्कृति’ को बढ़ावा दिया: भाजपा
Modified Date: May 7, 2026 / 03:38 pm IST
Published Date: May 7, 2026 3:38 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या के बाद बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस पर ‘‘माफिया संस्कृति’’ और ‘‘महाजंगल राज’’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात करीब 10:30 बजे मध्यग्राम के डोलतला के पास मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने रथ (42) के वाहन को रोककर उन्हें बेहद करीब से गोली मारी और फिर फरार हो गए।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद की हिंसा ‘‘संस्थागत’’ रूप ले चुकी है और दावा किया कि जब भी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को चुनावों में शिकस्त मिलती है, भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को निशाना बनाया जाता है।

पूनावाला ने आरोप लगाया, ‘‘शुभेंदु अधिकारी जी के पीए की हत्या टीएमसी द्वारा पिछले 15 वर्षों में स्थापित महाजंगल राज का परिणाम है। चुनाव बाद की हिंसा को जिस तरह से संस्थागत बना दिया गया है, चाहे वह 2021 में हो या अब, वह लक्षित हत्या को प्रदर्शित करता है। शुभेंदु अधिकारी जी के पीए की जान लेने की साजिश रची गई थी।’’

उन्होंने दावा किया कि अब तक सामने आये सबूत एक साजिश की ओर इशारा करते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चुनावी हार को लेकर टीएमसी की ‘‘हताशा’’ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लक्षित हमलों का कारण बन रही है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने हत्या की निंदा की और अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की।

भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस घटना को ‘‘सुनियोजित राजनीतिक हत्या’’ बताया और दावा किया कि इसका मकसद राज्य में अस्थिरता पैदा करना है।

उन्होंने बारासात अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक लक्षित हमला था।’’

इस अस्पताल में रथ का पोस्टमार्टम किया गया।

बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट इलाके में भाजपा नेता रोहित रॉय की गोली मारकर हत्या किये जाने का जिक्र करते हुए, पूनावाला ने आरोप लगाया कि इस घटना से टीएमसी की ‘‘माफिया संस्कृति’’ और भी उजागर होती है।

पूनावाला ने इस मुद्दे पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुखद है कि संविधान की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी और अन्य दल, टीएमसी की निंदा नहीं कर रहे हैं। टीएमसी माफिया संस्कृति का अड्डा बन गई है।’’

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है तथा दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।

पार्टी ने कहा कि पिछले तीन दिनों में कथित तौर पर ‘‘भाजपा समर्थित उपद्रवियों’’ द्वारा की गई चुनाव बाद की हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में उसके तीन कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में