तिरुपति मंदिर के आसपास जंगलों में वन्यजीवों की निगरानी के लिए रोबोट श्वान तैनात करेगा टीटीडी
तिरुपति मंदिर के आसपास जंगलों में वन्यजीवों की निगरानी के लिए रोबोट श्वान तैनात करेगा टीटीडी
तिरुपति, 21 अगस्त (भाषा) श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का प्रबंधन करने वाले ‘तिरुमला तिरुपति देवस्थानम’ (टीटीडी) ने तिरुमला के आसपास के जंगलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों की निगरानी के लिए एक आधुनिक रोबोट श्वान को तैनात करने की योजना बनाई है।
टीटीडी के अतिरिक्त कार्यपालक अधिकारी (एईओ) सीएच वेंकैया चौधरी और मंदिर के अन्य अधिकारियों ने तिरुमला स्थित श्री पद्मावती गेस्ट हाउस में इस चार पैरों वाले रोबोट के प्रदर्शन की समीक्षा की।
मंदिर निकाय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘तिरुमला के आसपास के वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही पर नजर रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए टीटीडी इस आधुनिक रोबोटिक तकनीक के उपयोग का मूल्यांकन कर रहा है।’
बयान में कहा गया है कि यह रोबोट श्वान ऑप्टिकल और ऊष्मा व तापमान की मदद से अंधेरे में तस्वीरें लेने वाले कैमरों, चारों दिशाओं में देखने में सक्षम 360-डिग्री एलआईडीएआर प्रणाली, कई सेंसरों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से लैस है। ये विशेषताएं इसे अंधेरे या कोहरे जैसी कम दृश्यता वाली स्थितियों में भी वन्यजीवों की पहचान करने और उनका पता लगाने में सक्षम बनाती हैं।
बयान के मुताबिक, प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में अलिपिरी-तिरुमला पैदल मार्ग से लगे वन क्षेत्र शामिल हैं। वहां तेंदुए और अन्य वन्यजीवों का समय रहते पता चलने से श्रद्धालुओं को सतर्क करने तथा वन, सतर्कता व सुरक्षा टीमों को तुरंत तैनात करने में मदद मिलेगी।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


