छात्र पर हमला करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
छात्र पर हमला करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
बीड, 20 जून (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले के अंबाजोगाई शहर में कुछ लोगों ने 17 साल के छात्र पर लाठी से हमला किया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में दो हमलावरों को गिरफ़्तार किया गया है और एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना बृहस्पतिवार रात को हुई, जब 12 वीं कक्षा का छात्र ट्यूशन से अपने किराए के कमरे पर लौट रहा था।
पुलिस ने बताया कि तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और बिना किसी वजह के छात्र को रोका, उसके साथ बदसलूकी की और फिर उनमें से एक ने लाठी से उसके सिर पर वार किया।
आरोपियों की पहचान साहिल मंडले, जीतू मंडले और एक नाबालिग के तौर पर हुई है।
बताया जाता है कि बेहोश होने से पहले, घायल छात्र ने मदद के लिए आए एक राहगीर को अपना मोबाइल सौंप दिया और उसका पासवर्ड भी बताया। उस राहगीर ने छात्र की मां से संपर्क किया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें बाद में बेहतर इलाज के लिए लातूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा शोभना रंजन
रंजन

Facebook


